25 सितंबर को किया जाएगा मदद सेवा सोसाइटी ओर पानीपत साउथ रोटरी द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन
BOL PANIPAT । समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था रोटरी क्लब पानीपत साउथ की ओर से शहर में एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की जा रही है। ‘रक्तदान महाकुंभ’ के बैनर तले एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जो मदद सेवा सोसाइटी, पानीपत के विशेष सहयोग से संपन्न होगा। आयोजकों ने शहर के समस्त नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से इस नेक काम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और जीवन बचाने की इस मुहिम में शामिल होने की जोरदार अपील की है। मदद सेवा सोसाइटी के प्रधान वैभव बत्रा (विक्की) ने जानकारी देते हुए बताया कि रक्तदान शिविर 25 सितंबर को सुबह 10:00 बजे से शगुन फार्म्स, सेक्टर-25, हुडा में आयोजित किया जाएगा। “टुगेदर वी सेव लाइव्स” के प्रेरणादायक नारे के साथ आयोजित हो रहे इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करना, स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और रक्त की कमी से जूझ रहे जरूरतमंदों की समय पर मदद करना है। मदद सेवा सोसाइटी के प्रधान वैभव बत्रा (विक्की) ने शहर के समस्त नागरिकों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से आह्वान किया है कि वे इस नेक काम में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। आयोजकों ने पूर्ण विश्वास जताया है कि पानीपत की जागरूक और सेवारत जनता हमेशा की तरह इस महाअभियान को भी अपनी सक्रिय भागीदारी से अभूतपूर्व सफलता दिलाएगी। रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाता है, बल्कि यह स्वयं दाता के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी माना जाता है। इस 25 सितंबर को आगे आएं, रक्तदान करें और जीवन बचाने की इस मुहिम का हिस्सा बनें।
इस मौके पर विक्की बतरा, अमित आहूजा, गौरव चुघ, आशीष रावल, अमित गुप्ता, डॉ सचिन गंभीर, हीरा मनचंदा आदि मौजूद रहे।

Comments