पुलिस ने पसीना खुर्द रोड पर आमजन को फैक्टरी में श्रमिकों को नशे के खिलाफ किया जागरूक
BOL PANIPAT : 26 सितंबर, पानीपत पुलिस द्वारा जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम ने थाना औद्योगिक सेक्टर-29 क्षेत्र के अंतर्गत पसीना खुर्द रोड पर आम नागरिकों और सचदेवा टैक्सटाइल फैक्टरी के श्रमिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान पुलिस टीम ने श्रमिकों व आमजन को नशे के दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशे की लत से व्यक्ति का स्वास्थ्य खराब होता है और उसके परिवार पर भी इसका कितना बुरा असर पड़ता है। साथ ही आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, दोस्तों तथा आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें। नशा मुक्त समाज बनाने में अपना योगदान दें और स्वस्थ जीवन जीने का संकल्प लें। इस दौरान सभी को जीवन में नशा करने की शपथ दिलाई गई।
अभियान के जिला नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक प्रणय कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे की गर्त से बचाने और जिला को नशा मुक्त बनाने के लिए पानीपत पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे के खात्मे के लिए समाज के सभी लोगों आगे आकर इस मुहिम से जुड़े। यदि उनके आसपास कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है, कोई व्यक्ति नशे का कारोबार कर रहा है अथवा किसी व्यक्ति को नशे की लत है, तो इसकी सूचना तुरंत जिला पुलिस या नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्ण रूप से गुप्त रखी जाएगी।

Comments