Sunday, September 27, 2026
Newspaper and Magzine


जिम से लौट रहे युवक पर हमला करने के मामले में चार और आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 27, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 27 सितंबर। थाना तहसील कैंप पुलिस ने मोतीराम कॉलोनी में जिम से घर लौट रहे कॉलोनी निवासी युवक विजय पर हमला करने के मामले में शनिवार को चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान रचित निवासी जावा कॉलोनी, अभिषेक निवासी मोहाली, विजय निवासी दिनानाथ कॉलोनी व विशाल निवासी हनुमान कॉलोनी के रूप में हुई हैं

थाना तहसील कैंप प्रभारी सब इंस्पेक्टर बंसीलाल ने बताया कि पूछताछ में चारों आरोपियों ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके दो आरोपियों अरसद व रितिक निवासी दिनानाथ कॉलोनी के साथ मिलकर नामजद आरोपी सुहेल के कहने पर उसके फरार अन्य कई साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ फरार आरोपी सुहेल ने कुछ दिन पहले एक मामले में हुई पंचायत में माफी मांगी थी। इस बात की वह विजय से रंजिश रखे हुए था। रंजिश रखते हुए सुहले ने साथी आरोपियों से उक्त वारदात को अंजाम दिलाया मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयासरत है।

यह है मामला

थाना तहसील कैंप में विजय पुत्र जितेंद्र पांचाल निवासी मोती राम कॉलोनी, नूरवाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने दोस्त याशु पुत्र जितेंद्र गुप्ता निवासी मोती राम कॉलोनी के साथ पिछले करीब चार महीने से शाम के समय जिम करने जाता है।
करीब 15 दिन पहले याशु गुप्ता का करीब तीन वर्षीय भतीजा अपने दादा के साथ खड़ा था। इसी दौरान सुहेल बुलेट बाइक पर तेज रफ्तार से आया और बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे के पैर, मुंह व हाथ पर चोटें आईं। बच्चे को अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। अगले दिन आस-पड़ोस के लोगों के कहने पर सुहेल ने माफी मांग ली, जिस पर उन्होंने मामले को वहीं समाप्त कर दिया।
माफी मांगने के बाद सुहेल ने धमकी भरे लहजे में कहा कि यदि लड़का मर जाता तो कितने पैसे लगवा सकते थे। वह पांच दिन में पैसे पूरे कर देता। उसने अपने यहां शादी होने के कारण माफी मांगने की बात कही और यह भी कहा कि वह किसी के आगे नहीं झुकता।
23 सितंबर की शाम वह और याशु जिम करने के बाद बाहर निकले तो गली में सुहेल, साज्जू, अरसद, रितिक, वशिक, सम्मी खान तथा 5-7 अन्य युवक खड़े थे। इनमें कुछ युवकों ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था तथा उनके पास पंच और चाकू थे। आरोपियों ने उन दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दुकानदारों व आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर उनकी जान बची।
उन दोनों ने परिवार को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद जब उन्होंने सुहेल के परिजनों से इस बारे में बात की तो उन्होंने फोन कर अन्य लड़कों को भी बुला लिया। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि अब आर-पार की होगी तथा जो बीच में आएगा, उसे भी मार देंगे। आरोपियों ने मोहल्ले के लोगों को भी धमकाया। उनकी छत पर लाठी, ईंट-पत्थर रखे हुए थे और एक व्यक्ति ने छत से पिस्टल लहराई।
थाना तहसील कैंप में विजय की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments


Leave a Reply