Wednesday, October 14, 2026
Newspaper and Magzine


कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने पानीपत सहित समालखा, मडलौडा, इसराना, बापौली की अनाज मंडियों का किया दौरा, धान खरीद व्यवस्था का लिया जायजा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 14, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 14 अक्तूबर। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को पानीपत जिला की विभिन्न मंडियों का दौरा कर धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में किसानों के लिए किए गए प्रबंधों, धान खरीद सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को मंडी में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा खरीद प्रक्रिया सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संचालित रहे।

        श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसानों को अपनी धान की फसल बेचने में कोई दिक्कत न आये इस ओर विशेष तौर पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में पेयजल, साफ-सफाई, फसल खरीद, खरीदी गई फसल का समय पर उठान तथा भुगतान से संबंधित व्यवस्थाएं बेहतर रखी जाएं। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।

कृषि मंत्री ने इस अवसर पर किसानों एवं आढतियों से बातचीत भी की और उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अनाज मंडी में खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को पहले ही आवश्यक दिशा-निर्देश सरकार द्वारा दिये जा चुके है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं तथा खरीद प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है।

उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि मंडियों में पानी और सीवरेज की व्यवस्था का प्रावधान करने के लिए प्रक्रिया शुरू करें। इसके साथ-साथ जो शैड पुराने हो चुके हैं उन्हें तोडक़र नए शेड बनवाने की प्रक्रिया भी शुरू करें। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट भी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply