खाकी कमजोर होगी तो देश में अराजकता व जंगल राज हो जाएगा: वीरेश शांडिल्य
एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने पुलिस शहीदी दिवस पर कहा कि देश में पुलिस पेंशन सुविधा बहाल की जाए और पुलिस विभाग में काली भेड़ों को वीआरएस दी जाए
‘‘देश की खाकी जो ट्रैफिक ड्यूटी पर रहती है उन्हें गर्मी, सर्दी व बरसात से बचने के लिए सुरक्षा किट मुहैया करवाई जाए’’
BOL PANIPAT । एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने आज पुलिस शहीदी दिवस पर पुलिस लाइन जाकर शहीद पुलिस कर्मियों को नमन किया और कहा कि अगर खाकी न हो तो देश में जंगल राज व अराजकता फैल जाएगी। वीरेश शांडिल्य ने कहा कि यदि देश में पुलिस कमजोर होगी तो असामाजिक तत्व, अपराधी, देशद्रोही ताकतें घरों में घुसकर लोगों को मारेंगे इसलिए खाकी को मजबूत करना देश के हर नागरिक का धर्म होना चाहिए। एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने कहा चाहे कोरोना काल हो या घनी धुंध में कोई गंभीर दुर्घटना आधी रात को हो जाए या कोई शहर में कोई बड़ी वारदात हो जाए या कहीं भीषण आग लग जाए यहां तक किसी भी धर्म का त्यौहार हो पुलिस सबकी रक्षा सुरक्षा करने के लिए अपने परिवारों को घरों में छोड़कर लोगों की सेवा में समर्पित रहती है इसलिए आम जनता को पुलिस की ताकत बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो पुलिस विभाग में काली भेड़ें हैं जो खाकी को बदनाम करती हैं और अपने निजी स्वार्थों के चलते जनता के लिए अभिशाप बने हुए हैं उन्हें सरकारों व पुलिस महानिदेशकों को या तो वीआरएस दे देनी चाहिए या बर्खास्त कर देना चाहिए क्योंकि खाकी ही है जिसके कारण देश में कानून व्यवस्था मजबूत रहती है। वीरेश शांडिल्य ने कहा कि जो लोग पुलिस के साथ मुकाबले कर रहे हैं पुलिस के ऊपर जानलेवा हमला कर रहे हैं वह संविधान, तिरंगे व देश की एकता और अखंडता के पक्षधर नहीं हो सकते ऐसी ताकतों के खिलाफ पुलिस व जनता को मिलकर जन आंदोलन तैयार करना चाहिए। वहीं वीरेश शांडिल्य ने देश के गृह मंत्री अमित शाह व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मांग की है कि सरहदों की रक्षा करने वाले भारतीय सेना व पैरामिल्ट्री फोर्स और देश की कानून व्यवस्था को लागू करने वाली खाकी की पेंशन बहाल की जाए और देश में पुलिस को भी शहीद होने के बाद सेना के जवानों की तरह सम्मान व सुविधाएं मिलनी चाहिए और पुलिस से 8 घंटे की ड्यूटी ली जाए जैसे दूसरे विभागों में कर्मी ड्यूटी देते हैं। और देश की खाकी जो ट्रैफिक ड्यूटी पर रहती है उन्हें गर्मी, सर्दी व बरसात से बचने के लिए सुरक्षा किट मुहैया करवाई जाए।

Comments