राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन में कोई कोताही न बरतें अधिकारी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
हर पात्र बच्चे को मिलेगी एल्बेंडाजोल की गोली, छूटे बच्चों के लिए भी चलेगा विशेष अभियान: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
BOL PANIPAT , 3 नवंबर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (नेशनल डीवॉर्मिंग डे) नवंबर के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय और सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों और किशोरों को कृमि संक्रमण से बचाने तथा उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं।
उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस से संबंधित गतिविधियों का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालन सुनिश्चित किया जाए। पात्र बच्चों एवं किशोरों को एल्बेंडाजोल की गोलियों का उचित वितरण और सेवन करवाने के साथ-साथ जो बच्चे किसी कारणवश छूट जाएं, उनके लिए मॉप-अप गतिविधियां भी आयोजित की जाएं, ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस अभियान के लाभ से वंचित न रहे।
उपायुक्त ने इसके अतिरिक्त 6 नवंबर तक संबंधित जागरूकता सामग्री (आईईसी) को कार्यालय के डिजिटल स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाए, ताकि आमजन को कार्यक्रम की जानकारी मिल सके। उन्होंने सिविल अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करने तथा कार्यक्रम के लिए जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक को बस स्टैंड तथा परिवहन विभाग के अन्य उपलब्ध प्रचार माध्यमों से जागरूकता संदेश प्रसारित करवाने के निर्देश दिए। वहीं रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों और आमजन को कृमि मुक्ति के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए संदेश प्रदर्शित एवं प्रसारित करने को कहा गया है। नगर निगम आयुक्त को शहरी क्षेत्र में प्रचार-प्रसार और जागरूकता गतिविधियों के लिए आवश्यक सहयोग देने तथा नगर निगम के उपलब्ध संचार माध्यमों का उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही एसडीएच समालखा के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को अपने अधिकार क्षेत्र में स्वास्थ्य संस्थानों, स्कूलों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ समन्वय बनाकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन आदेशों की समयबद्ध अनुपालना सुनिश्चित करें और स्वास्थ्य विभाग को पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और कृमि संक्रमण से बचाव के लिए जनभागीदारी तथा विभागीय समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। इस कार्यक्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

Comments