Friday, October 9, 2026
Newspaper and Magzine


10 दिन से लापता 15 वर्षीय किशोर को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा, परिजनों ने जताया आभार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 9, 2026 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT , 09 अक्टूबर । पानीपत पुलिस ने 15 वर्षीय लापता किशोर को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के हवाले कर दिया। 10 दिन से लापता बेटे के सकुशल घर लौटने पर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने पानीपत पुलिस की तत्परता व संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार ने बताया कि थाना माडल टाउन में मुखिजा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना देकर बताया था कि वह मूल रूप से बिहार के गया जिले का रहने वाला है और हॉल में मुखिजा कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। उसके तीन बेटे हैं। उसका दूसरे नंबर का 15 वर्षीय बेटा 28 सितंबर को शाम करीब 5 बजे खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्र में उसकी काफी तलाश की, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिला। थाना माडल टाउन में पुलिस ने किशोर की गुमशुदगी का अभियोग दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी थी।

डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार ने बताया ने बताया कि थाना माडल टाउन और सीआईए टू की टीम ने आसपास के क्षेत्रों में 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संभावित स्थानों पर तलाश की। पुलिस टीमों के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप लापता किशोर को वीरवार को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने किशोर को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने बेटे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और इसके लिए पानीपत पुलिस का धन्यवाद किया है।

पानीपत पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी व्यक्ति के लापता होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाना में सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Comments


Leave a Reply