निष्पक्ष और सुगम मतदान के लिए बड़ा कदम, चारों विधानसभा क्षेत्रों में बूथों का होगा समायोजन: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया
1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों पर होगा पुनर्गठन, लोकतंत्र को और मजबूत करेगा प्रशासन
जिले में 141 नए मतदान केन्द्र स्थापित करने की तैयारी, मतदाताओं को मिलेगी बेहतर सुविधा
हर मतदाता तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता
BOL PANIPAT , 26 मई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि जिले में लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला पानीपत के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में ऐसे मतदान केन्द्रों की समीक्षा की गई है, जहां 1200 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इन मतदान केन्द्रों का समायोजन कर नए मतदान केन्द्र स्थापित किए जाएंगे ताकि मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और मतदान प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि 24-पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 270 मतदान केन्द्र स्थापित हैं, जिनमें से 110 मतदान केन्द्रों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं। इन केन्द्रों के समायोजन के बाद 59 नए मतदान केन्द्र स्थापित किए जाने प्रस्तावित हैं, जिससे कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 329 हो जाएगी।
इसी प्रकार 25-पानीपत शहर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान 211 मतदान केन्द्रों में से 97 मतदान केन्द्र ऐसे हैं जहां मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है। यहां 56 नए मतदान केन्द्र स्थापित किए जाएंगे तथा कुल मतदान केन्द्रों की संख्या बढक़र 267 हो जाएगी। 26-इसराना (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान 199 मतदान केन्द्रों में से 11 मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की संख्या निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई है। यहां 5 नए मतदान केन्द्र स्थापित करने का प्रस्ताव है, जिसके बाद कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 204 हो जाएगी।
वहीं 27-समालखा विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान 232 मतदान केन्द्र हैं, जिनमें से 42 मतदान केन्द्रों पर 1200 से अधिक मतदाता दर्ज किए गए हैं। यहां 21 नए मतदान केन्द्र स्थापित किए जाएंगे तथा कुल मतदान केन्द्रों की संख्या बढक़र 253 हो जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में वर्तमान में कुल 912 मतदान केन्द्र स्थापित हैं। इनमें से 260 मतदान केन्द्र ऐसे हैं जहां 1200 से अधिक मतदाता हैं। इनकी समीक्षा एवं समायोजन के उपरांत जिले में कुल 141 नए मतदान केन्द्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे मतदान केन्द्रों की कुल संख्या बढक़र 1053 हो जाएगी।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को सुविधाजनक, पारदर्शी एवं निष्पक्ष मतदान व्यवस्था उपलब्ध कराना है। नए मतदान केन्द्र स्थापित होने से मतदाताओं को लंबी कतारों और भीड़भाड़ से राहत मिलेगी तथा मतदान प्रतिशत में भी सकारात्मक बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

Comments