Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़।

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at May 12, 2024 Tags: , , , , ,

– 2 आरोपियों को यूपी के नोएडा से गिरफ्तार किया। 

BOL PANIPAT : 12 मई 2024, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पानीपत थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर गिरोह के दो आरोपियों को यूपी के नोएडा से गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की। आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र निवासी मयूर विहार दिल्ली हाल सेक्टर 73 नोएडा यूपी व फिरोज निवासी पत्थर वाला कुआ हापुड़ यूपी के रूप में हुई।

थाना साइबर क्राइम प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवीन शर्मा ने बताया कि पानीपत थाना साइबर क्राइम में काबड़ी रोड अर्जुन नगर निवासी राजेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसने इंडसइंड बैंक का क्रेडिट कार्ड लिया हुआ है। 30 अक्टूबर 2023 को उसके फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। युवक ने बैंक का अधिकारी बनकर बात करते हुए उसके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के लिए कहा। उसने विश्वास करते हुए इसके लिए हा कर दी। युवक ने फोन पर ओटीपी नंबर भेजकर उससे पूछ लिया और कार्ड से 30 हजार रूपये की ट्रांजेक्शन कर ली। आरोपी ने धोखाधड़ी कर उस से 30 हजार रुपये की ठगी कर ली। राजेन्द्र की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

इंस्पेक्टर प्रवीन शर्मा ने बताया कि थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने विभिन्न पहलुओं पर काम करते हुए गिरोह का पर्दाफाश कर गत वीरवार को यूपी के नोएडा से आरोपी धर्मेंद्र निवासी मयूर विहार दिल्ली हाल सेक्टर 73 नोएडा यूपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी आरोपी फिरोज निवासी पत्थर वाला कुआ हापुड़ यूपी के साथ मिलकर ठगी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया उसने एक फर्म के नाम से एचडीएफसी बैंक में खाता खुलवा फिरोज को दिया था। फिरोज अपने अन्य साथी आरोपियों के साथ क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी कर उक्त खाते में पैसे ट्रांसफर करते थे। वह ठगी की नगदी में से अपना 10 प्रतिशत कमीशन रख बाकी पैसे फिरोज को ट्रांसफर कर देता था।

आरोपी फिरोज को नोएडा से गिरफ्तार किया

आरोपी धर्मेंद्र को पुलिस ने माननीय न्यायालय से 2 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल कर उसकी निशानदेही पर शनिवार को आरोपी फिरोज को नोएडा यूपी से गिरफ्तार किया। 
फिरोज ने पूछताछ में पुलिस को बताया वह वीरेंद्र नाम के युवक के साथ मिलकर ठगी की वारदातों अंजाम देता था। ठगी की नगदी में से वह अपना 20 प्रतिशत कमीशन रख बाकी पैसे वीरेंद्र को ट्रांसफर कर देता था।

इंस्पेक्टर प्रवीन शर्मा ने बताया कि आरोपी धर्मेंद्र के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एटीएम कार्ड बरामद कर रविवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर जहा से आरोपी धर्मेंद्र को न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया व आरोपी फिरोज को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी फिरोज से ठगी गई नगदी बरामद करने व गिरोह में शामिल इसके साथी आरोपियों के ठिकानों का पता लगा पकड़ने का प्रयास करेंगी।

Comments