जिले की बेटियों के लिए उच्च शिक्षा का नया द्वार, राजकीय कन्या महाविद्यालय में दाखिले शुरू: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
बेटियों की शिक्षा को मिलेगा नया संबल, राजकीय कन्या महाविद्यालय में बीए और बीकॉम की कक्षाएं
घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का अवसर, कन्या महाविद्यालय में 240 सीटों पर प्रवेश
शिक्षा से सशक्त होंगी पानीपत की बेटियां, राजकीय कन्या महाविद्यालय में सत्र 2026-27 के दाखिले शुरू
BOL PANIPAT , 17 अगस्त। जिले की छात्राओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा स्थापित राजकीय कन्या महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। महाविद्यालय का संचालन फिलहाल डीआईईटी भवन की प्रथम मंजिल, रेड लाइट चौक के नजदीक किया जा रहा है। महाविद्यालय भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां से संबद्ध है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार शिक्षा है और बेटियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। जिले में राजकीय कन्या महाविद्यालय की शुरुआत से जिले की छात्राओं को अपने घर के नजदीक उच्च शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ आत्मनिर्भरता, व्यक्तित्व विकास और रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार किया जाएगा। उपायुक्त ने छात्राओं और अभिभावकों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय पर दाखिला प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटी न केवल अपने परिवार का भविष्य संवारती है, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
महाविद्यालय के प्रिंसिपल सुभाष चंद्र जागलान ने कहा कि राजकीय कन्या महाविद्यालय की शुरुआत जिला की छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल छात्राओं को डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें ज्ञान, कौशल, आत्मविश्वास और संस्कारों से मजबूत बनाना है। महाविद्यालय में ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाएगा, जहां छात्राएं अपनी प्रतिभा को पहचानकर उच्च शिक्षा और करियर के क्षेत्र में नए मुकाम हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को अपनी बेटियों की उच्च शिक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने सपनों को नई उड़ान दें और शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनें।
विदित रहे कि महाविद्यालय में सत्र 2026-27 के लिए बैचलर ऑफ आट्र्स (बीए) की 160 सीटें तथा बैचलर ऑफ कॉमर्स (बीकॉम) की 80 सीटें उपलब्ध हैं। बीए में अंग्रेजी, हिंदी, राजनीतिक विज्ञान, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, कंप्यूटर साइंस, शारीरिक शिक्षा तथा गणित जैसे विषय उपलब्ध कराए गए हैं। ध्यान रहे कि दाखिले के लिए 10वीं और 12वीं की डीएमसी, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), गैप ईयर होने की स्थिति में गैप प्रमाणपत्र, मूल चरित्र प्रमाणपत्र, अन्य बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए माइग्रेशन प्रमाणपत्र, एससी/बीसी विद्यार्थियों के लिए जाति एवं आय प्रमाणपत्र, वैध ई-मेल आईडी एवं मोबाइल नंबर तथा हरियाणा डोमिसाइल सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
छात्राएं केंद्रीयकृत दाखिला पोर्टल एडमिशनसडॉटहाईयरएजुएचआरवाईडॉटएसीडॉटइन के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन कर सकती हैं। महाविद्यालय प्रबंधन ने छात्राओं से अपील की है कि वे दाखिले से संबंधित जानकारी के लिए महाविद्यालय से संपर्क करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर आवेदन करें।

Comments