Tuesday, July 28, 2026
Newspaper and Magzine


अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित एसओपी और सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 28, 2026 Tags: , , , , ,

किसानों की आर्थिक समृद्धि और जिले के औद्योगिक विकास का मजबूत आधार है शुगर मिल

नई तकनीक, गुणवत्ता और अनुशासन से बनेगी पानीपत शुगर मिल की नई पहचान

एथनॉल प्रोजेक्ट से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगी मिल, हर स्तर पर गुणवत्ता होगी सर्वोच्च प्राथमिकता

एसओपी और सुरक्षा प्रोटोकॉल से कोई समझौता नहीं, आधुनिक तकनीक अपनाकर बढ़ेगी उत्पादन क्षमता

पौधारोपण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बेहतर प्रबंधन से नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी पानीपत शुगर मिल

BOL PANIPAT , 28 जुलाई। उपायुक्त एवं प्रशासक डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मंगलवार को दोपहर बाद डाहर स्थित पानीपत सहकारी चीनी मिल का  निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि मिल का संचालन पूरी पारदर्शिता, अनुशासन, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप होना चाहिए। इस मौके पर मिल में टेंडर प्रक्रिया भी उनके समक्ष रखी गई।

    उपायुक्त ने कहा कि चीनी मिल केवल उत्पादन का केंद्र नहीं, बल्कि किसानों की आर्थिक समृद्धि और जिले के औद्योगिक विकास का मजबूत आधार है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ निभाए।

    उपायुक्त ने निर्देश दिए कि मिल में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) तथा सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करे। सुरक्षा और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त ने एथनॉल प्रोजेक्ट की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि एथनॉल उत्पादन भविष्य की आवश्यकता है। इससे न केवल मिल की आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी, बल्कि किसानों को भी दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

    डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मिल में ऐसी आधुनिक तकनीकों को अपनाया जाए जो उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ चीनी की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाए रखें। उपायुक्त ने चीनी उत्पादन की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी लेते हुए कहा कि पानीपत शुगर मिल गुणवत्ता के मामले में प्रदेश की अग्रणी मिलों में अपनी पहचान बनाए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मिल परिसर में पौधारोपण भी किया तथा पौधों के नियमित रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने मिल परिसर में हरियाली बढ़ाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक संस्थान की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

  पानीपत सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक नवदीप नैन ने उपायुक्त द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पूर्ण पालन करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मिल प्रशासन गुणवत्ता, पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक के समन्वय से कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी उत्पादन क्षमता और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मिल में सुरक्षा मानकों, एसओपी तथा गुणवत्ता नियंत्रण का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। एथनॉल परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा तथा किसानों और उपभोक्ताओं की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

  एमडी शुगर मिल नवदीप नैन ने कहा कि पानीपत सहकारी चीनी मिल को प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ चीनी मिलों में स्थापित करने के लिए पूरी टीम समर्पित भावना से कार्य करेगी। आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादन के माध्यम से मिल नई उपलब्धियां हासिल करेगी तथा किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इस मौके पर चीफ इंजीनियर राजकुमार और संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply