हाली अपना स्कूल में स्वतंत्रता सेनानी व प्रख्यात गांधीवादी डॉ. एस.एन. सुब्बाराव की 5वीं पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ श्रद्धांजलि समारोह
बच्चों ने डॉ. एस.एन. सुब्बाराव द्वारा रचित व गाए गीतों की दी सुंदर प्रस्तुतियां
BOL PANIPAT , 27 अक्टूबर 2026: हाली अपना स्कूल में प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी, महान समाज सेवी और युवाओं के प्रेरणास्रोत डॉ. एस.एन. सुब्बाराव (भाई जी) की 5वीं पुण्यतिथि अत्यंत श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक विशेष प्रार्थना सभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए स्कूल की प्रधानाचार्या पूजा सैनी ने विद्यार्थियों को डॉ. सुब्बाराव के जीवन और उनके महान कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डॉ. सुब्बाराव जी ने बहुत ही छोटी उम्र में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और 1942 के ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ में सक्रिय रूप से भाग लिया था। मात्र 13 वर्ष की आयु में दीवारों पर “अंग्रेज़ों भारत छोड़ो” लिखने और देशभक्ति के नारे लगाने के कारण उन्हें जेल की सजा भी काटनी पड़ी थी।
प्रधानाचार्या ने उनके ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि डॉ. सुब्बाराव जी का सबसे बड़ा योगदान 1970 के दशक में चंबल के खतरनाक डाकुओं का हृदय परिवर्तन कराकर उनका ऐतिहासिक आत्मसमर्पण कराना था। उन्होंने बंदूक की ताकत के आगे गांधीवादी मूल्यों और अहिंसा की शक्ति को साबित कर दिखाया।
उन्होंने बताया कि ‘भाई जी’ ने अपना संपूर्ण जीवन गांधीवादी विचारों और आदर्शों के प्रचार-प्रसार में समर्पित कर दिया। वे देश-विदेश में घूम-घूमकर युवाओं को राष्ट्रीय एकता, शांति, और सेवा भावना की प्रेरणा देते थे और खुद भी जीवनभर इन्हीं आदर्शों पर चले। उनके इसी अतुलनीय समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के योगदान के लिए उन्हें पद्म श्री, जमुनालाल बजाज पुरस्कार, राजीव गांधी राष्ट्रीय सद्भावना पुरस्कार तथा महात्मा गांधी पुरस्कार जैसे अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया था।
प्रधानाचार्या पूजा सैनी ने विद्यार्थियों को डॉ. सुब्बाराव द्वारा दिए गए प्रसिद्ध संदेश “जय जगत” और “आगे आओ” को आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यार्थियों ने डॉ. सुब्बाराव द्वारा रचित एवं गाए गए प्रसिद्ध प्रेरणादायी तथा देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुति दी, जिससे संपूर्ण विद्यालय परिसर देशप्रेम और भ्रातृत्व की भावना से गुंजाइमान हो उठा।
इस गरिमामयी अवसर पर मधु यादव, सुजाता चौधरी, सोनिया गर्ग, श्रुति जैन, सोनी, सोनी कुमारी, ममता, डोली अवस्थी सहित समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने डॉ. एस.एन. सुब्बाराव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी महान आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

Comments