रास्ता रोककर युवक को गंभीर चोट मारने का आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 17 सितंबर : थाना इसराना पुलिस ने गांव नौल्था में युवक का रास्ता रोककर धारदार लोहे की पत्ती से हमला कर गंभीर चोट मारने के आरोपी को बुधवार शाम गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान प्रवीन निवासी नौल्था के रूप में हुई है।
थाना इसराना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिराम ने बताया कि गांव नौल्था निवासी कृष्ण पुत्र बलबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 19 जुलाई को शाम करीब 4 बजे घर से खेत में जा रहा था। रास्ते में वह प्रवीन की आटा चक्की के पास पहुंचा तो प्रवीन अंदर से बाहर आया और उसका रास्ता रोककर सिर पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। उसने बचाव के लिए आवाज लगाई तो उसका भाई देवेंद्र वहां पहुंचा। आरोपी प्रवीन उसे आता देखकर मौके से फरार हो गया। आरोपी जाते समय उसे जान से मारने की धमकी भी देकर गया। कृष्ण की शिकायत पर थाना इसराना में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी और आरोपी की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे थे।
प्रभारी इंस्पेक्टर हरिराम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रवीन ने पूछताछ में वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात से एक दिन पहले उसकी कृष्ण के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते उसने उक्त वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी प्रवीन के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे की धारदार पत्ती बरामद कर वीरवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Comments