अवैध कच्ची शराब बनाने के लिए लाहन तैयार करते आरोपी गिरफ्तार. 85 लीटर लाहन बरामद.
BOL PANIPAT : 20 अक्तूबर 2024, थाना इसराना पुलिस टीम ने काकौदा गांव में अवैध कच्ची शराब बनाने के लिए लाहन तैयार करते एक युवक को गिरफ्तार किया। मौके से 85 लीटर लाहन बरामद हुआ। आरोपी की पहचान मंगत निवासी काकौदा के रूप में हुई।
थाना इसराना प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनोद ने बताया कि पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करी सहित अवैध धंधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है। अभियान के तहत थाना इसराना पुलिस की टीम शनिवार को गश्त व जांच पड़ताल के दौरान बिजावा मोड़ के पास मौजूद थी। टीम को तभी गुप्त सूचना मिली की काकौदा गांव निवासी मंगत अवैध शराब बनाने के लिए गांव में अपने प्लाट में लाहन तैयार कर रहा है।
सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी तो प्लाट में एक युवक लाहन तैयार करते मिला। युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान मंगत पुत्र जोगिन्द्र निवासी काकौदा के रूप में बताई। मौके से बरामद लाहन का माप करने पर 85 लीटर पाया गया।
सब इंस्पेक्टर विनोद ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना इसराना में एक्साइज एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पूछताछ के बाद रविवार को आरोपी मंगत को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments