रिफाइनरी से केटलिस्ट चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 04 सितंबर: सीआईए टू पुलिस टीम ने रिफाइनरी से केटलिस्ट चोरी के एक आरोपी को वीरवार शाम को सेक्टर-18 कट से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान करनाल के गांव बाल रंगडान निवासी रामशरण के रूप में हुई है।

सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि थाना सदर में रिफाइनरी (समता) के मैनेजर पंकज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 14 जुलाई को उन्हें रिफाइनरी के सुरक्षा अधिकारियों के माध्यम से पता चला कि डीसीयू के नजदीक वायटावर के अंदर से कैटलिस्ट चोरी हुआ था। केटलिस्ट का वह बोरा सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने रिफाइनरी के अंदर से ही बरामद किया था। इसके पश्चात टीएस व मैटेरियल विभाग ने संयुक्त रूप से कैटलिस्ट की जांच की। जांच के दौरान कुछ ड्रमों की सील टूटी हुई मिलीं और वजन चेक करने पर कम पाया गया।
पूरी जांच के बाद करीब 2100 किलोग्राम कैटलिस्ट कम पाया गया। उन्हें संदेह है कि गोदाम में सामान की हैंडलिंग करने वाले ठेका मजदूरों अथवा रिफाइनरी के अंदर-बाहर आने वाली सप्लायर की गाड़ियों के चालक, परिचालक व अन्य व्यक्तियों की मिलीभगत से कैटलिस्ट चोरी किया गया है। थाना सदर में पंकज कुमार की शिकायत पर चोरी सहित संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मामले की जांच और आरोपी की धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए टू पुलिस टीम को सौंपी थी। पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए वीरवार शाम को एक आरोपी को सेक्टर-18 मोड़ से काबू किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी रामशरण ने अपने फरार दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उक्त चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपी रामशरण ने पुलिस को बताया वह करीब 3 साल से रिफाइनरी स्थित कैटलिस्ट गोदाम में मशीन पर साफ-सफाई का काम कर रहा है। वह और फरार उसका एक साथी मिलकर ड्रमों से कैटलिस्ट चोरी करते थे और लंच के समय कैटलिस्ट अपने तीसरे साथी को दे देते थे। आरोपी ने बताया कि वह और उसके साथी काफी समय से ड्रमों से कैटलिस्ट चोरी कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपी रामशरण को शुक्रवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी।

Comments