कार से मोबाइल व नगदी चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 08 अक्तूबर 2025, सीआईए वन पुलिस टीम ने टोल प्लाजा के पास खड़ी कार से नगदी, मोबाइल व अन्य सामान चोरी करने वाले आरोपी को मंगलवार शाम को अंसल गेट नंबर 3 के पास से काबू किया। आरोपी की पहचान गढ़ी बेसिक गांव निवासी मुशर्रफ के रूप में हुई है।
सीआईए वन प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि उनकी टीम को मंगलवार शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि अंसल गेट नंबर 3 के पास एक संदिग्ध किस्म का युवक घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मुशर्रफ पुत्र यासिन निवासी गढ़ी बेसिक के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने 29 सितंबर की अल सुबह टोल प्लाजा के पास खड़ी एक स्कॉर्पियो गाड़ी से एक मोबाइल, एक जोड़ी जूते, 700 रूपए व चाबी का गुच्छा चोरी करने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। चोरी की उक्त वारदात बारे थाना सेक्टर 13/17 में बबैल निवासी कर्मबीर पुत्र ओमप्रकाश की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह नशा करने का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो उसने चोरी की उक्त वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने चोरी की नगदी खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बचा का मोबाइल, एक जोड़ी जूते व चाबी का गुच्छा बरामद कर बुधवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
थाना सेक्टर 13/17 में गांव बबैल निवासी कर्मबीर पुत्र ओमप्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 29 सितंबर को अल सुबह टोल प्लाजा के पास अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी खड़ी कर अंदर सो रहा था। अज्ञात चोर गाड़ी से उसका मोबाइला फोन, बच्चे के जूते, 700 रूपए व घर की चाबी चोरी कर ले गया। थाना सेक्टर 13/17 में कर्मबीर की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments