Thursday, September 10, 2026
Newspaper and Magzine


चोरी किए जेवरात खरीदने वाला आरोपी सुनार गिरफ्तार, 10 हजार रुपए बरामद

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 10, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 10 सितंबर: सीआईए थ्री पुलिस ने देवी मंदिर के पीछे उत्तम नगर स्थित एक मकान से चोरी किए गए सोने के जेवरात खरीदने वाले आरोपी सुनार को बुधवार को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान ठठेरा बाजार निवासी दीपक के रूप में हुई है।

सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी टीम ने 29 जुलाई को चोरी की उक्त वारदात का पर्दाफाश कर देसराज कॉलोनी निवासी आरोपी गोलू उर्फ अखमिचा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने मकान से सोने का मंगलसूत्र, तीन अंगूठियां, चांदी की एक जोड़ी पाजेब, दो कड़े व एक चेन चोरी करना स्वीकार किया था। आरोपी ने बताया था कि चोरी किए गए सोने के मंगलसूत्र व तीन अंगूठियों को उसने कॉलोनी निवासी अपने दोस्त रूप सिंह के माध्यम से 65 हजार रुपए में बेच दिया था। रूप सिंह ने 15 हजार रुपए अपने पास रखकर बाकी 50 हजार रुपए उसे दे दिए थे।
पुलिस ने आरोपी रूप सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने ठठेरा बाजार निवासी अपने जानकार सुनार दीपक को चोरी के जेवरात बिकवाने की बात स्वीकार की थी। पुलिस ने आरोपी गोलू उर्फ अखमिचा के पास से चोरीशुदा जेवरात में से बचे चांदी के दो कड़े, एक जोड़ी पाजेब, एक चेन तथा 13 हजार रुपए और आरोपी रूप सिंह के कब्जे से 3 हजार रुपए बरामद कर दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया था।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि सीआईए थ्री पुलिस ने चोरी के जेवरात खरीदने वाले आरोपी दीपक को बुधवार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने रूप सिंह से चोरी के सोने के जेवरात खरीदने की बात स्वीकार की। पूछताछ में आरोपी ने बताया उसने जेवरात दोबारा तैयार कर बेच दिए और हासिक की ज्यादातर नकदी खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपी दीपक के कब्जे से बचे 10 हजार रुपए बरामद कर पूछताछ के बाद उसे बुधवार को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसकी जमानत हो गई।

यह है मामला

थाना तहसील कैंप में उत्तम नगर निवासी शुभम पुत्र राजकुमार ने दी शिकायत में बताया था कि उन्होंने 3 जुलाई को घर पर अलमारी में सोने का मंगलसूत्र, तीन अंगूठियां, चांदी की पाजेब, चेन व कड़े रखे थे। 6 जुलाई को अलमारी की जांच की तो उक्त जेवरात नहीं मिले। अज्ञात चोर जेवरात चोरी कर ले गया। थाना तहसील कैंप में शुभम की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच तथा आरोपी की पहचान व धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments


Leave a Reply