Tuesday, April 28, 2026
Newspaper and Magzine


जमीन बेचने के नाम पर 1 करोड़ रूपये ठगने का आरोपी यूपी से गिरफ्तार।

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at February 23, 2024 Tags: , , , , ,

-आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था.

BOL PANIPAT : 23 फरवरी 2024, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पानीपत पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव युनिट ने जमीन बेचने के नाम पर 1 करोड़ रूपये की धोखाधड़ी करने के मामले में फरार आरोपी को यूपी के प्रयागराज के महुली से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान राजेश मौर्या निवासी महुली प्रयागराज यूपी के रूप में हुई।
स्पेशल डिटेक्टिव युनिट इंचार्ज इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में न्यू संजय कॉलोनी निवासी रिंकू पुत्र रामफल ने मई 2023 में शिकायत देकर बताया था कि उसने अपने पार्टनर अमित ढांडा व रोहित के साथ मिलकर गांव राक्सेहडा में राजेश मोर्या निवासी महुली प्रयागराज यूपी से 11 एकड़ जमीन खरीदने का सौदा किया था। सैनी कॉलोनी निवासी अनिल सैनी ने उन तीनों को अपने साले राजेश मोर्या से मिलवाकर यह सौदा तय करवाया था। 26 अप्रैल 2022 को 11 एकड़ जमीन का 55 लाख रूपये प्रति एकड़ के हिसाब से सौदा होने पर उसने दोनों को 60 लाख रूपये चेक के माध्यम से व 40 लाख रूपये कैश दे दिया । बाकी पैसे व जमीन की रजिस्ट्री करवाने का समय 22 फरवरी 2023 के लिए तय हुआ था।
22 फरवरी 2023 को रविवार होने के कारण जमीन की रजिस्ट्री नही हो सकी। 27 फरवरी को वह दोनों पार्टनर के साथ बची राशि लेकर समालखा तहसील में रजिस्ट्री करवाने के लिए गया। वहां जाकर उन्होंने राजेश मौर्या को फोन किये परंतु वह रजिस्ट्री करवाने के लिए नही आया। वह तीनों समालखा तहसील में हाजिरी लगाकर शाम को वापिस घर आ गए।
उन्होंने राजेश मौर्या व अनिल सैनी से जमीन की रजिस्ट्री करवाने के लिए अनुरोध किया। दोनों पहले उन्हें झूठे आश्वासन देते रहे बाद में दोनों ने रजिस्ट्री करवाने से मना कर दिया। इसके बाद उन्हें पता चला दोनों आरोपियों ने मिलीभगत कर उक्त जमीन की रजिस्ट्री 16 मार्च 2023 को माडल टाउन निवासी सोनिया भाटिया पत्नी जवाहर भाटिया के नाम करवा दी। आरोपियों ने जमीन बेचने के नाम पर उनसे 1 करोड़ रूपये की ठगी कर ली। उक्त शिकायत पर थाना समालखा में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।
स्पेशल डिटेक्टिव युनिट इंचाज इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के आदेशानुसार मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव युनिट पुलिस टीम द्वारा अमल में लाई गई। पुलिस टीम आरोपी राजेश मौर्या की धरपकड़ के लिए उसके संभावित ठिकानों  पर दबिश दे रही थी। आरोपी पुलिस पकड़ से बचने के लिए छुपकर रह रहा था। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत की अनुशंसा पर पुलिस महानिरीक्षक करनाल मंडल करनाल  सतेंद्र कुमार गुप्ता की और से आरोपी की सूचना देने के संबंध में बीते वर्ष नवम्बर महीने में 5 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव युनिट पुलिस की टीम ने वीरवार को मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी राजेश मौर्या को यूपी के प्रयागराज के महुली में उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही ठगी गई नगदी बरामद करने का प्रयास करेंगी। मामले में नामजद इसका साथी आरोपी अनिल सैनी धोखाधड़ी के अन्य मामले में जेल में बंद है। पुलिस आरोपी अनिल सैनी को भी प्रोडक्शन वांरट पर लाकर पूछताछ करेंगी।

Comments