पेड़ों की अवैध कटाई करने वालों पर कार्यवाही.
-जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी ने किया मौके का निरीक्षण
BOL PANIPAT , 11 मार्च। ग्राम पंचायत इसराना की पंचायती भूमि पर खड़े कीकर व शीशम के पेड़ों को अवैध रूप से काटे जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्राप्त सूचना के बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके पर जांच कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत इसराना में रजबाहे के पास कारद की तरफ स्थित पंचायती भूमि पर कई कीकर और शीशम के पेड़ खड़े थे। इन पेड़ों को बिना किसी वैधानिक अनुमति के काटे जाने की सूचना मिलने पर मामले की जांच के लिए ग्राम सचिव, जेई, खंड पटवारी तथा अन्य कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजा गया। टीम द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद प्रस्तुत की गई रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि पंचायती भूमि पर खड़े कीकर व शीशम के पेड़ों को अवैध रूप से काटा गया है।
निरीक्षण के दौरान मौके से कटे हुए पेड़ों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली को भी जब्त किया गया। मामले में जब सरपंच से पेड़ों को कटवाने की अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो उन्होंने मौखिक रूप से अनुमति होने की बात कही, लेकिन इसके समर्थन में कोई भी आधिकारिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) पानीपत राजेश शर्मा ने स्वयं मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंचायती भूमि पर पेड़ों के कटे होने की पुष्टि हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सरपंच और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी इसराना, उपायुक्त पानीपत तथा वन मंडल अधिकारी पानीपत को आगामी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित कर दिया गया है।
डीडीपीओ का कहना है कि पंचायती भूमि और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments