Thursday, June 11, 2026
Newspaper and Magzine


अवैध कॉलोनियों पर चलेगा प्रशासन का बुलडोजर, एडीसी अंकित चौकसे ने दिए सख्त निर्देश

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 11, 2026 Tags: , , , , ,

बिजली-पानी कनेक्शनों की होगी गहन जांच, अवैध कॉलोनाइजरों पर कसेगा शिकंजा

पहले नोटिस, फिर कार्रवाई: अवैध निर्माण और कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन सख्त

कानून तोडऩे वालों को नहीं मिलेगी राहत, अवैध कॉलोनियों पर होगी बड़ी कार्रवाई

BOL PANIPAT , 11 जून। जिले में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। जिला सचिवालय सभागार में वीरवार को आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में चिन्हित अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में अवैध कॉलोनियों, अनधिकृत निर्माणों तथा बिना स्वीकृति विकसित की जा रही परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों की सूचना प्राप्त हुई है, वहां सबसे पहले नोटिस चस्पा किए जाएं और उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित क्षेत्रों की विस्तृत जांच की जाए तथा वहां दिए गए बिजली कनेक्शनों की भी गहन पड़ताल की जाए।

अंकित चौकसे ने कहा कि सरकार की अनुमति के बिना विकसित की जा रही कॉलोनियां न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि आम नागरिकों को भी भविष्य में विभिन्न सुविधाओं और कानूनी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एडीसी ने कहा कि जिले में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा। जिन स्थानों पर नियमों की अवहेलना कर कॉलोनियां विकसित की गई हैं, वहां पहले नियमानुसार नोटिस जारी किए जाएंगे और उसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि भविष्य में किसी भी प्रकार का अवैध विकास न हो। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे तथा किसी को भी नियमों से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैठक में एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, स्टेट ऑफिसर प्रतीक, नगराधीश टीनू पोसवाल, जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) अमित मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply