एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की एनएसएस इकाइयों द्वारा ‘मेरी माटी-मेरा देश’ अभियान के तहत अमृत कलश यात्रा का आयोजन
–बलिदानी, वीर वीरांगनाओं को सम्मान देने के लिए किया जा रहा है ‘मेरी माटी-मेरा देश’ अभियान
BOL PANIPAT , 12 अक्टूबर.
एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की एनएसएस इकाइयों के स्वयंसेवकों द्वारा ‘मेरी माटी-मेरा देश’ अभियान के तहत अमृत कलश यात्रा का आयोजन किया गया जिसमे कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने गाँव और शहर के हर घर से माटी की चुटकी को कलशों में एकत्रित कर बलिदानी वीर वीरांगनाओं के प्रति अपने आदर-सम्मान भाव को व्यक्त किया । इस पावन कार्यक्रम के साथ ही भारत के 77वें स्वतंत्रता दिवस पर आज़ादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम का समापन होगा । माननीय प्रधानमन्त्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान की देशभर में शरुआत की गई है जो 2 से 13 अक्टूबर तक चलेगी । अमृत कलश यात्रा मिट्टी को नमन और वीरों का वंदन है और इसके माध्यम से वीर वीरांगनाओं और बहादुरों की उपलब्धियों का जश्न मनाया जा रहा है । माटी से भरे कलशों और स्वयंसेवकों का स्वागत प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ राकेश गर्ग, डॉ संतोष कुमारी और प्रो इंदु पुनिया ने किया । विदित रहे कि प्रदेश भर से एकत्रित मिट्टी और पौधों को लौह पुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती से ठीक एक दिन पहले दिल्ली के कर्तव्य पथ पर पहुँचाया जाएगा । इस अभियान का मूल उद्देश्य गांव के एक सामान्य व्यक्ति को देश की माटी के महत्व को बताते हुए देश की माटी के साथ जोड़ना है । कार्यक्रम के अंत में सभी एनएसएस स्वयंसेवकों ने अपने प्राध्यापकों के साथ मिलकर एक रैली निकाली और एकता और अखंडता की शपथ उठाई ।

अनुपम अरोड़ा ने कहा कि बलिदानी एवं वीर वीरांगनाओं को सम्मान देने के लिए मेरी माटी-मेरा देश अभियान की शुरुआत की गई है । इस कार्यक्रम का उद्देश्य गांव-शहर के हर एक सामान्य व्यक्ति को देश की माटी के महत्व को बताते हुए उसे देश की माटी से जोड़ना है । इस वर्ष यह अभियान गांव, पंचायत, ब्लॉक, शहरी स्थानीय निकाय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों को आयोजित करके मनाया जा रहा है । इसके माध्यम से हमारे अमर शहीदों की याद में देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है । इस अभियान के तहत देशभर में ‘अमृत कलश यात्रा’ भी निकाली जायेगी । कॉलेज एनएसएस स्वयंसेवकों ने इस अभियान में स्वत: जुड़कर अपने राष्ट्रीय दायित्व और जिम्मेदारीपूर्ण रवैये का बोध कराया है ।
डॉ राकेश गर्ग ने कहा कि देश के कोने-कोने से 7 हज़ार 500 कलशों में मिट्टी लेकर ‘अमृत कलश यात्रा’ 13 अक्टूबर को देश की राजधानी दिल्ली पहुंचेगी । यह यात्रा अपने साथ देश के विभिन्न हिस्सों से पौधे भी लेकर आएगी । इस मिट्टी और पौधों को मिलाकर राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के पास ‘अमृत वाटिका’ बनाई जाएगी जो की ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का भव्य प्रतीक बनेगी ।

Comments