बैठक में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट व लूट करने का एक आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT, 05 अगस्त: थाना इसराना पुलिस ने गांव बुआना लाखु में बैठक में घुसकर दो दोस्तों पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर चोटें मारने व लूट करने के एक आरोपी को मंगलवार शाम को इसराना अड्डे से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गांव बुआना लाखु निवासी सुमित के रूप में हुई है।

थाना इसराना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिराम ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में नामजद फरार अपने साथी आरोपी विनोद के साथ मिलकर कुछ दिन पहले हुई कहासुनी की रंजिश रख उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पुलिस ने बुधवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपी से वारदात में प्रयुक्त लाठी, डंडा व बाइक बरामद करने के साथ-साथ फरार आरोपी विनोद के संभावित ठिकानों का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी।
यह है मामला:
थाना इसराना में गांव बुआना लाखु निवासी दीपक पुत्र मेहर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। उसने अपने घर से कुछ दूरी पर बैठक बना रखी है, जहां वह अक्सर अपने दोस्त सुमित पुत्र जयभगवान के साथ बैठता है। दोनों के खेत भी साथ-साथ हैं। 24 जुलाई की अल सुबह करीब 3 बजे वह और सुमित खेतों में पानी देने जाने से पहले बैठक में बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव निवासी विनोद पुत्र सुरेश और सुमित पुत्र सतबीर लाठी-डंडों से लैस होकर जबरन बैठक में घुस आए और दोनों पर हमला कर दिया। आरोपी विनोद ने डंडे के आगे नुकीली वस्तु लगा रखी थी। दोनों आरोपियों ने उन पर डंडों से ताबड़ तोड़ वार कर चोटे मारी। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर घर पहुंचा और घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद भाई संदीप और मंजीत उसको व दोस्त सुमित को इलाज के लिए पानीपत ऑर्टियस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दीपक ने शिकायत में बताया था कि आरोपी विनोद और सुमित पहले कभी-कभार उनकी बैठक में आकर बैठ जाते थे। करीब 15 दिन पहले सोनीपत के गांव गोरण निवासी उसकी बुआ का लड़का रोहित उनके घर आया हुआ था, और वे सभी बैठक में बैठे थे। इसी दौरान विनोद और सुमित वहां आ गए। रोहित ने दोनों को शराब के नशे में बैठक में आने से मना किया, जिस पर कहासुनी हो गई थी। उस समय दोनों आरोपियों ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। दोनों आरोपियों ने इसी बात की रंजिश रखते हुए उन पर लाठी, डंडों से हमला कर चोट मारी है। थाना इसराना में दीपक की शिकायत पर बीएनएस की धारा 115(2),118(1),333,351(3),3(5) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे। दीपक के दोस्त सुमित ने बताया दोनों आरोपी मारपीट कर उसकी सोने की चैन तोड़कर ले गए। मामले में 309 (4) धारा इजाद की गई थी।

Comments