आर्य कॉलेज की बेसबॉल टीम ने इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में हासिल किया दूसरा स्थान
– ऑल इंडिया कैंप के लिए कॉलेज के पांच खिलाड़ियों का चयन
BOL PANIPAT , शनिवार 24 अक्टूबर 2026 : आर्य कॉलेज की बेसबॉल टीम ने इंटर कॉलेज बेसबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। टीम ने प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल, आपसी तालमेल और संघर्षशीलता का परिचय देकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने खेल विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश तूर्ण और खेल विभाग की पूरी टीम को खिलाड़ियों के कुशल मार्गदर्शन एवं निरंतर प्रोत्साहन के लिए सराहा।
प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता के क्वालीफाइंग मुकाबले में आर्य कॉलेज की टीम ने एस.डी. कॉलेज, पानीपत की टीम को 7-5 से पराजित कर लीग चरण में प्रवेश किया। इसके बाद टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लीग मुकाबलों में आर.के.एस.डी. कॉलेज की टीम को 6-2 से तथा एस.ए. जैन कॉलेज, अंबाला की टीम को 7-5 से हराया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को दूसरे स्थान तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आर्य कॉलेज के पांच खिलाड़ियों सुराखा, जवनप्रीत, समीर, अंशुल और सौरभ पांडे का ऑल इंडिया कैंप के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
महाविद्यालय के खेल विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश तूर्ण ने कहा कि टीम की इस सफलता के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और नियमित अभ्यास की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में खेल भावना और टीम भावना का परिचय दिया। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर कोच राजेंद्र देशवाल, कोच सुनील पहल, अनूप गुलिया, सुमित, प्राध्यापिका रजनी सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Comments