Thursday, April 30, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य पी.जी. कॉलेज में वीर बाल दिवस पर स्लोगन प्रतियोगिता का हुआ आयोजन.

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at December 26, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT – शुक्रवार 22 दिसंबर 2025, आर्य पी.जी. कॉलेज एनएसएस सेल द्वारा वीर बाल दिवस के अवसर पर गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों की शहादत को स्मरण करते हुए स्लोगन/शब्द लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास और अद्वितीय बलिदानों से अवगत कराना था।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी आस्था गुप्ता ने बताया कि वीर बाल दिवस गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों द्वारा मुगलकालीन अत्याचारों के विरुद्ध धर्म एवं मानवता की रक्षा में दिए गए अद्वितीय बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिवस युवाओं को साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा दुडेजा ने कहा कि साहिबजादा अजीत सिंह , साहिबजादा जुझार सिंह , साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह ने समुदाय के सम्मान और धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। हमें उनके बलिदानों को सदैव स्मरण करते हुए एकजुट रहना चाहिए।

कॉलेज के प्राचार्य जगदीश गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य छात्रों में देश के इतिहास के प्रति जागरूकता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को हिंदी में पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और वीरता के मूल्यों को अपनाने के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. पंकज चौधरी, प्राध्यापिका रजनी शर्मा, बलराज सहित कॉलेज के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

Comments