75 करोड़ सूर्यनमस्कार अभियान में सहभागी बना आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय
BOL PANIPAT : 3 फरवरी 2022, राष्ट्रीय योगासन क्रीडा फेडरेशन, पंतजलि योगपीठ, क्रीड़ा भारती व हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में जनवरी व फरवरी माह में आज़ादी का अमृत-महोत्सव के अंतर्गत 75 करोड़ सूर्यनमस्कार अभियान चलाया जा रहा है । इस उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ रिकार्ड्स में भी दर्ज किया जा चुका है। इस अभियान में आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय की एन.एस.एस इकाई द्वारा भाग लेकर 15 जनवरी से 4 फरवरी तक अपना सहयोग किया जा रहा है। प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने इस अभियान के सफल आयोजन के लिए कॉलेज एन.एस.एस इकाई के प्रभारी प्रो.विवेक गुप्ता व डॉ.मनीषा डुडेजा को बधाई दी। उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा कि एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ बुद्धि का निवास होता है व इस प्रकार के आयोजनों से हम सब मिलकर राष्ट्र निर्माण में अपना पूर्ण सहयोग दे सकते हैं।

प्रो. विवेक गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि आज महाविद्यालय में सामूहिक रूप से ऑफलाइन सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया गया। सूर्य नमस्कार अभियान में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र भी दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान में महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाकर ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से भाग लिया। आज हरियाणा योग आयोग पानीपत से मुख्य योग प्रशिक्षक व पतंजलि योग समिति, जिला पानीपत के प्रभारी अशोक अरोड़ा ने मुख्य रूप से शिरकत की। उन्होंने सभी को सूर्य नमस्कार के साथ-साथ योगासन व प्राणायाम करवाया।
उन्होंने भस्त्रिका प्राणायाम, कपालभाती, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी व अन्य प्राणायामों का अभ्यास करवाते हुए इसके लाभ भी बताए। उन्होंने सभी को प्राकृतिक चिकित्सा व एक्यूप्रेशर के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी भी दी।
प्रो. विवेक गुप्ता ने बताया की कल इस अभियान का समापन किया जाएगा। मंच संचालन प्रो. विवेक गुप्ता ने किया व डॉ.मनीषा डुडेजा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Comments