एच.आई.वी./एड्स जनजागरूकता पर रैली का आयोजन किया गया
BOL PANIPAT : आई.बी. महाविद्यालय, पानीपत के रेड रिबन क्लब (RRC) द्वारा महाविद्यालय से लेकर इंसार बाज़ार व जीटी रोड पर एच.आई.वी./एड्स जनजागरूकता हेतु एक प्रभावशाली रैली का आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़–चढ़कर भाग लिया। यह कार्यक्रम हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी, पंचकुला द्वारा प्रायोजित सघन सूचना, शिक्षा व संचार अभियान के अन्तर्गत 12 अगस्त से 10 सितम्बर तक होने वाले कार्यक्रमों के तहत जिला नोडल अधिकारी, एच.आई.वी./एड्स, पानीपत के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। रैली का उद्देश्य युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों में इस रोग के प्रति सजगता, सावधानी तथा जागृति का प्रसार करना था। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने विद्यार्थियों को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया और अपने संदेश में कहा—
“युवा शक्ति राष्ट्र की धरोहर है। एच.आई.वी./एड्स जैसी चुनौती से निपटने के लिए युवाओं को जागरूक करना अत्यन्त आवश्यक है। जब विद्यार्थी स्वयं सचेत होकर समाज में संदेश फैलाएँगे, तभी वास्तविक परिवर्तन सम्भव होगा।”
रेड रिबन क्लब के संयोजक डॉ. विक्रम कुमार ने कहा—
“हमारा संकल्प है कि इस रैली के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक यह संदेश पहुँचे कि एच.आई.वी./एड्स से बचाव ही इसका सर्वोत्तम उपचार है। यदि हम सुरक्षित व्यवहार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाएं तो इस रोग से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है।”
छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता से सम्बन्धित तख्तियाँ एवं नारे लगाकर नगरवासियों को सचेत किया। महाविद्यालय परिवार ने इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। रैली में डॉ. सुनित शर्मा, डॉ निधान सिंह, अजय पाल सिंह, पवन कुमार, डॉ. अंजलि , संगीता, अश्विनी गुप्ता और अन्नु आदि उपस्थित रहे।

Comments