Tuesday, July 21, 2026
Newspaper and Magzine


नशे को कहें ‘ना, भविष्य को कहें हां. एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में उझा गांव के सरकारी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at July 21, 2026 Tags: , , , , ,

थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर किरण ने विद्यार्थियों व ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का दिलाया संकल्प

BOL PANIPAT , 21 जुलाई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में जिलेभर में चलाए जा रहे “नशा मुक्त हरियाणा” अभियान के तहत मंगलवार को थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर किरण ने अपनी टीम के साथ गांव उझा के सरकारी स्कूल में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।

इंस्पेक्टर किरण ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि नशे की लत शिक्षा, रोजगार, सामाजिक प्रतिष्ठा और पारिवारिक जीवन पर गंभीर असर डालती है तथा कई बार व्यक्ति को अपराध की ओर भी धकेल देती है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, तकनीक और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे मित्र चुनने, गलत संगति से बचने तथा किसी भी प्रकार के नशे को जीवन में स्थान न देने की सलाह दी। साथ ही कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशा करने के लिए दबाव बनाए या प्रलोभन दे तो इसकी सूचना तुरंत अपने अभिभावकों अथवा पुलिस को दें।

इंस्पेक्टर किरण ने बताया कि नशा तस्करों के विरुद्ध पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है, लेकिन इस अभियान की सफलता के लिए आमजन का सहयोग भी आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कहीं मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने “नशा नहीं करेंगे, नशा नहीं करने देंगे” का सामूहिक संकल्प लिया। पुलिस ने सभी नागरिकों से नशे के विरुद्ध इस जन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और सुरक्षित, स्वस्थ एवं नशामुक्त पानीपत के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

ग्राम सरपंच प्रतिनिधि नरेश ने इस दौरान जिला पुलिस के इस कार्य की खुले मन से सराहना की, और जिले को नशा मुक्त बनाने में पुलिस का हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया।

Comments


Leave a Reply