Monday, October 5, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य पीजी कॉलेज में हुआ रक्तदान शिविर का आयोजन, 85 यूनिट रक्त एकत्रित

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 25, 2026 Tags: , , , , , , ,

–    रक्तदान मानवता की सेवा का श्रेष्ठ कार्य है: डॉ. जगदीश गुप्ता

–    एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान, ‘रक्तदान महादान’ का दिया संदेश

BOL PANIPAT , शुक्रवार 25 सितंबर 2026  , आर्य पीजी कॉलेज में शुक्रवार को रोटरी क्लब, पानीपत के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 85 यूनिट रक्त एकत्रित किया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानव सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में हैदराबादी हॉस्पिटल से डॉ. भारत जिंदल एवं डॉ. देव छोक्कर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और साथ ही शिविर के सफल आयोजन के लिए एनएसएस प्रभारी डॉ. विजय सिंह एवं उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दी।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल अकादमिक रूप से सक्षम बनाना ही नहीं, बल्कि उनमें सामाजिक संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 85 यूनिट रक्त का संग्रहण इस बात का प्रमाण रहा कि आर्य पीजी कॉलेज के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का ऐसा कार्य है, जिसमें प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर समाज के प्रति अपना दायित्व निभा सकता है।

महाविद्यालय की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने कहा कि रक्तदान के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का आधार बन सकती है। उन्होंने रक्तदान शिविर में विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।

मुख्य वक्ता डॉ. भारत जिंदल एवं डॉ. देव छोक्कर ने अपने संबोधन में रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है, क्योंकि हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से रक्तदान जैसे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में सहभागिता करने का आह्वान किया।

एनएसएस प्रभारी डॉ. विजय सिंह ने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन ने विद्यार्थियों में सामाजिक सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एनएसएस का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है। रक्तदान शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को मानव सेवा से जुड़ने का अवसर मिला। उन्होंने शिविर को सफल बनाने के लिए रोटरी क्लब पानीपत, चिकित्सा टीम, विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

शिविर के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने विशेष उत्साह के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित की और अन्य विद्यार्थियों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। शिविर में रक्तदान करने वाले विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों का उत्साह देखते ही बनता था।

इस अवसर पर महाविद्यालय की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह, डॉ. मीनल तालस, डॉ. मनीषा नागपाल सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply