Thursday, September 3, 2026
Newspaper and Magzine


रक्तदान किसी अनजान की जिंदगी बचाने का महान अवसर: अनु वत्स

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 3, 2026 Tags: , , , , ,

56 रक्तदाताओं ने दिया मानवता का संदेश, 10 शिक्षक सम्मानित

शिक्षक दिवस और अमर शहीद लाला जगत नारायण की स्मृति में आयोजित हुआ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

BOL PANIPAT , 3 सितंबर। रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने का महान अवसर है। रक्त का न कोई मूल्य होता है और न ही इसका कोई विकल्प है। रक्तदाता अपने रक्त के माध्यम से किसी जरूरतमंद परिवार की जिंदगी में खुशियां लौटाने का पुनीत कार्य करता है। यह बात रेडक्रॉस सोसाइटी के हॉस्पिटल वेलफेयर सेक्शन की चेयरपर्सन एवं कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अनु वत्स ने क्राउन इंटरनेशनल टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के दौरान कही।

जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में शिक्षक दिवस तथा अमर शहीद लाला जगत नारायण की स्मृति में वीरवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 70 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण करवाया, जिनमें से 56 लोगों ने सफलतापूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि अनु वत्स ने कार्यक्रम में रक्तदाताओं को बैच लगाकर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान ऐसा सेवा कार्य है, जिसका लाभ किसी ऐसे जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचता है, जिससे रक्तदाता का कोई व्यक्तिगत परिचय भी नहीं होता। इसके बावजूद एक रक्तदाता किसी अनजान व्यक्ति के जीवन की डोर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। अनु वत्स ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं। रक्तदान के प्रति लोगों में बढ़ती जागरूकता समाज की संवेदनशीलता और मानवीय सोच का सकारात्मक प्रमाण है।

इस मौके पर (शिक्षक दिवस) पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 शिक्षकों को भी मुख्य अतिथि ने शील्ड एवं सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं। राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्य अतिथि ने अपनी सुंदर कविता के माध्यम से रक्तदाताओं और आयोजन से जुड़े सभी संयोजकों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने थैलेसीमिया से पीडि़त मरीजों एवं थैलेसीमिया सोसाइटी, के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने थैलेसीमिया सोसाइटी की प्रस्तुति को देखा और बीमारी के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।

चेयर पर्सन ने थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा मरीजों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में कर्मचारियों के स्वास्थ्य की भी जांच हुई। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव गौरव रामकरण ने मुख्य अतिथि अनु वत्स को रेडक्रॉस द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी तथा समाजसेवा से जुड़े ऐसे आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाने पर बल दिया। कार्यक्रम में जन सारथी फाउंडेशन की ओर से बृजमोहन, साइकिल क्लब की ओर से सतीश चुघ तथा संयोजक टीम में क्राउन इंटरनेशनल से एस.के. जैन, रितेश जैन एवं राहुल जैन और पंजाब केसरी से सर्वजीत खरब, डॉ. नताशा एवं डॉ. अविनाश ने अपना सहयोग प्रदान किया। इस मौके पर रेडक्रॉस की ओर से जिला प्रशिक्षण अधिकारी रमेश चंद एवं सोनू सिंह डायरेक्टर आरसीआईटी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply