अच्छी शिक्षा के साथ ही बच्चों को स्वयं की सुरक्षा करने की ट्रेनिंग देना अति आवश्यक : ज्योत्सना गर्ग
BOL PANIPAT : इन्नरव्हील क्लब पानीपत मिडटाउन की ओर से द्रोणाचार्य पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा एवं आत्म-सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘गुड टच–बैड टच’ विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों को सरल एवं सहज भाषा में बताया गया कि कौन-सा स्पर्श सुरक्षित (गुड टच) होता है और कौन-सा असुरक्षित (बैड टच)। उन्हें यह भी समझाया गया कि यदि कोई स्पर्श उन्हें असहज महसूस कराए तो वे बिना डरे तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी अन्य विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। साथ ही बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने, आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने तथा किसी भी अनुचित व्यवहार का विरोध करने के लिए प्रेरित किया गया।

इन्नरव्हील क्लब पानीपत मिडटाउन की प्रधान ज्योत्सना गर्ग ने कहा कि “आज के समय में बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ स्वयं की सुरक्षा का ज्ञान होना भी अत्यंत आवश्यक है। जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि बच्चे सही और गलत स्पर्श की पहचान करना सीख जाएँ, तो वे स्वयं को किसी भी अप्रिय स्थिति से सुरक्षित रखने में अधिक सक्षम बन सकते हैं। हमारा उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, जागरूकता और सुरक्षा के प्रति सजगता विकसित करना है।”
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की तथा विषय से जुड़े अनेक प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। विद्यालय प्रधानाचार्या डॉ.रेणु देसवाल ने इन्नरव्हील क्लब पानीपत मिडटाउन के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह जानकारी कंचन सागर ने दी।

Comments