-कार सवार नशा तस्कर लाखों रुपए कीमत की 1 किलो 107 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 19 जनवरी 2025, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पानीपत पुलिस को कामयाबी मिली है। सीआईए थ्री पुलिस टीम ने शनिवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर कवि गांव के पशु अस्पताल के पास नाकाबंदी कर एक कार सवार नशा तस्करों को काबू कर कार से 1 किलो 107 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी नशा तस्कर की पहचान राजमल उर्फ काला निवासी कवि के रूप में हुई।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह स्वयं नशा करने का आदी है। अपनी नशे की लत पूरी करने व मतलौडा आस पास के क्षेत्र में नशा तस्करी कर शॉर्टकट तरीके से मोटे पैसे कमाने के लिए उक्त चरस करीब 2 महीने पहले हिमाचल से कम कीमत पर खरीदकर लाया था।
आरोपी के खिलाफ थाना मतलौडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने रविवार को आरोपी नशा तस्कर को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से नशा सप्लायर के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेंगी।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि शनिवार देर शाम उनकी एक टीम गश्त व जांच पड़ताल के दौरान थाना मतलौडा क्षेत्र में कवि रोड पर मौजूद थी। तभी टीम को गुप्त सूचना मिली की एक युवक आल्टो कार में सवार होकर मतलौडा की तरफ आ रहा है। युवक के पास कार में भारी मात्रा में मादक पदार्थ होने की संभावना है। पुलिस टीम सूचना को पुख्ता मानते हुए कवि गांव के पशु अस्पताल के पास पहुंची। तभी कवि गांव की और से एक आल्टो कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रूकवाकर ड्राइवर सीट पर बैठे युवक से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान राजमल उर्फ काला पुत्र ओमप्रकाश निवासी कवि गांव के रूप में बताई।
पुलिस टीम ने नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट एईटीओ साहब सिंह की मौजूदगी में कार की तलाशी ली तो डेस बोर्ड के अंदर एक पॉलीथिन से भारी मात्रा में नशे की खेप चरस बरामद हुई। बरामद चरस का वजन करने पर 1 किलो 107 ग्राम पाया गया।

Comments