बीआईएस का स्थापना दिवस और स्टैंडर्ड कार्निवाल मनाया.
-पाइट में लगाई प्रदर्शनी, गुणवत्ता का महत्व बताया, पानीपत और आसपास के स्कूल के बच्चे पहुंचे
BOL PANIPAT : समालखा – भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (पाइट)में 78वां स्थापना दिवस एवं स्टैंडर्ड कार्निवाल मनाया। इस समारोह में पानीपत एवं आसपास के जिलों के स्कूलों के बच्चों ने भी भाग लिया। उन्हें मानकों के प्रति जागरूक किया गया।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड से गुणवत्ता नियंत्रण विभाग में उप महाप्रबंधक डॉ. वाइएस झाला और बीआईएस हरियाणा शाखा से संयुक्त निदेशक नविता यादव विशेष अतिथि रहे। डॉ.वाइएस झाला ने कहा कि हम कोई भी वस्तु खरीदें, उसकी गुणवत्ता के बारे में जरूर पूछें। इंडियन ऑयल कारपोरेशन गुणवत्ता को लेकर हमेशा सजग रहता है। पानीपत आईओसीएल में देश का पहला बायो एविएशन फ्यूल बनने वाला है। पानीपत में एशिया का पहला 2जी इथेनॉल प्लांट लगा, अब 3जी प्लांट लगाया जा रहा है। इसके माध्यम से हम क्रूड ऑयल पर निर्भरता कम कर रहे हैं। इससे हमारे देश की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। नविता यादव ने बताया कि स्थापना दिवस के साथ अब स्टैंडर्ड कार्निवाल मनाया जा रहा है, जिसमें बच्चों को शामिल किया जाता है। उन्हें मानक एवं इसके परिणाम के बारे में जागरूक करते हैं। पाइट के वाइस चेयरमैन राकेश तायल ने बताया कि अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, नेस्ले इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड जैसी अग्रणी कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों ने अपने उन्नत उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर सचिव सुरेश तायल, बोर्ड सदस्य शुभम तायल, अल्ट्राटेक सीमेंट से वाइस प्रेजिडेंट उदय पंड्या, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के निदेशक रितेश सिंगला, डॉ.सुमन दहिया, हन्नी बंसल, अंकित बहल मौजूद रहे।

Comments