Saturday, October 31, 2026
Newspaper and Magzine


कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय इंटर-कॉलेज वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में आर्य कॉलेज के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, जीते कई पदक

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at October 31, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT – शनिवार 31 अक्टूबर 2026 : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के इंडोर खेल परिसर में 27 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक आयोजित इंटर कॉलेज वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में आर्य कॉलेज, पानीपत के महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार पदक हासिल किए हैं। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है।

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के महिला वर्ग में आर्य कॉलेज की छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। बीए तृतीय वर्ष की छात्रा ख़ुशी ने शानदार खेल दिखाते हुए 120 किलोग्राम भार वर्ग स्वर्ण पदक अपने नाम किया, वहीं इसी भार वर्ग में बीए तृतीय वर्ष की जागृति ने 105 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर कॉलेज का नाम रोशन किया। खास बात यह रही कि स्वर्ण पदक विजेता ख़ुशी का चयन आगामी ‘नार्थ जोन’ प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

इसके साथ ही, पुरुष वर्ग में भी कॉलेज के खिलाड़ियों ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। बीसीए द्वितीय वर्ष के छात्र हिमांशु ने 220 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल, बी.कॉम द्वितीय वर्ष के छात्र मोनू 150 और बीए द्वितीय वर्ष के छात्र गौरव ने 170 किलोग्राम भार वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया।

इस शानदार उपलब्धि पर कॉलेज के महासचिव सीए कमल किशोर और उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके परिजनों और पूरी खेल टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आर्य कॉलेज के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी लगातार नए आयाम स्थापित कर रहे हैं, जो संस्थान के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।

प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने इस सफलता का श्रेय शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टूर्न और उनकी पूरी समर्पित टीम के कुशल मार्गदर्शन व कड़ी मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि विभाग के सही मार्गदर्शन और खिलाड़ियों के कड़े अभ्यास के कारण ही आज कॉलेज के युवाओं ने विश्वविद्यालय स्तर पर यह मुकाम हासिल किया है।

Comments


Leave a Reply