Wednesday, August 12, 2026
Newspaper and Magzine


बदलाव ज़रूरी है — सीपीआई का जन सम्पर्क अभियान

By LALIT SHARMA , in Politics , at August 12, 2026 Tags: , , ,

BOL PANIPAT : 12 अगस्त आज भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की पानीपत जिला कौंसिल द्वारा “बदलाव ज़रूरी है” जन सम्पर्क अभियान के तहत स्थानीय सुभाष कालोनी, चांदनी बाग, कटारिया कालोनी कटारिया मंदिर के पास कामरेड राम नाथ के निवास स्थान पर एक सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता जिला कौंसिल सदस्य कामरेड शीश राम तोमर ने की और संचालन जिला सचिव कामरेड पवन सैनी ने किया।
सीपीआई की हरियाणा राज्य कार्यकारिणी के सदस्य कामरेड राम रतन एडवोकेट ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। छोटे दुकानदार, व्यापारी, रेहड़ी-फड़ी चलाने वाले और मेहनतकश लोग घटते व्यापार और बढ़ती लागत के कारण भारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। वहीं लाखों-करोड़ों युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाएं लगातार बदहाल होती जा रही हैं। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, मजदूरों के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं और सामाजिक न्याय कमजोर पड़ता जा रहा है।दूसरी ओर जनता के टैक्स का लाखों-करोड़ों रुपये सरकारी प्रचार और प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्रियों की रैलियों पर पानी की तरह बहाया जा रहा है। दलितों, आदिवासियों और महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं तथा भ्रष्टाचार और लूट का असर धार्मिक स्थलों तक भी दिखाई दे रहा है।
पार्टी के जिला सचिव कामरेड पवन सैनी एडवोकेट ने कहा कि भाजपा सरकार की इन्हीं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ और जनता के अधिकारों की आवाज़ बुलंद करने के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने पूरे देश में “बदलाव ज़रूरी है” जन सम्पर्क अभियान शुरू किया है। यह अभियान 6 अगस्त से पदयात्राओं, जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से चलाया जा रहा है ।
अभियान का समापन 1 सितम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनसभा के साथ होगा, जिसमें देशभर से लाखों लोग शामिल होंगे। कम्युनिस्ट नेताओं ने एक सितम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में शामिल होने की अपील की ।सभा के बाद कम्युनिस्ट नेताओं ने निम्बरी, ताजपुर, मौहाली, रामनगर आदि में भी नुक्कड मीटिंग की आम लोगों में पर्चे बांटे।इस अवसर पर रुपेश सैनी,शीश राम तोमर, ओम प्रकाश कश्यप, लख्मीचंद, राम बीर, खेत मजदूर यूनियन के जिला सचिव कामरेड भूपेन्द्र कश्यप आदि जन सम्पर्क अभियान में शामिल रहे।

Comments


Leave a Reply