Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने उपायुक्तों को दिए निर्देश – 11 से 1 बजे तक लोगों की शिकायतें सुनने के क्रम को जारी रखें

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 23, 2023 Tags: , , , , ,

 BOL PANIPAT : 23 सितम्बर। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने उपायुक्तों को  निर्देश दिए हैं कि वे 11 से 1 बजे तक लोगों की शिकायतें सुनने के क्रम को जारी रखें और लोगों की समस्याओं का समाधान करें। इसके साथ ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंडियों में 25 सितम्बर से खरीद शुरू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आज शनिवार को प्रदेशभर के उपायुक्तों एवं अन्य अधिकारियों की वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि आमजन को किसी भी प्रकार की समस्या नही आनी चाहिए। जनसंवाद के कार्यक्रम इसी उद्देश्य  से प्रारम्भ किए गए हैं। बैठक में कई विषयों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों को कहा कि धान खरीद के समय किसानों को कोई भी समस्या नही आनी चाहिए। उन्होंने मंडियों में सफाई, सडकें, बिजली, शौचालय आदि की प्रर्याप्त व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम को देखते हुए मंडियों में तरपालों की भी प्रर्याप्त व्यवस्थाएं होनी चाहिए।
उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा की
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने समीक्षा बैठक के दौरान जिलों में उर्वरकों की उपलब्धता के बारे में भी चर्चा की और कृषि क्षेत्र के लिए आने वाले यूरिया का कमर्शियल उपयोग ना हो इसके लिए सख्ती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा जहां-जहां कमर्शियल इस्तेमाल होता है वहां अधिकारी विशेष सतर्कता बरतें ताकि किसानों को समय पर प्रर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो सके।
मुख्यमंत्री ने बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े कार्यो को लेकर भी उपायुक्तों से चर्चा की और लम्बित कामों से सम्बंधित रिपोर्ट तत्काल भेजने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यो को लेकर अधिकारी गम्भीरता से काम करें और मामलों को अधिक समय तक लम्बित ना रखें। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान पिछले कुछ समय में लिंगानुपात में कुछ कमी आने पर चिंता जताते हुए कहा कि सम्बंधित विभाग इस सम्बंध में जागरूकता अभियान चलाए और पीएनडीटी एक्ट को लेकर भी सख्ती से काम करें ताकि लिंगानुपात और सुधर सके।
समीक्षा बैठक के दौरान मेरी माटी-मेरा देश अभियान को लेकर भी चर्चा हुई इस दौरान मुख्मयंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं सूचना, लोक संपर्क, भाषा तथा लोक संस्कृति विभाग के महानिदेशक  डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में चल रहे इस अभियान का पहला चरण 15 अगस्त तक पूर्ण हो चुका है। दूसरे चरण में हर घर मिट्ïटी वंदन कार्यक्रम चल रहा है। इसके बाद तय की जाने वाली तिथियों के अनुसार खण्ड स्तर, नगर निगम, नगरपलिका, नगर परिषद स्तर पर यह कार्यक्रम होना है। जिसमें मिट्ïटी का वंदन किया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने इस कार्यक्रम को भव्य तरीके से करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने फसल अवशेष प्रबंधन पर भी उपायुक्तों से चर्चा की और कहा कि इस सम्बंध में किसानों को अधिक से अधिक जागरूक करने के लिए अभियान चलाएं। इस अवसर पर पानीपत लघु सचिवालय में उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के नेतृत्व में सीईओ जिला परिषद विवेक चौधरी, एसडीएम पानीपत मनदीप, सीटीएम राजेश सोनी, डीआरओ राजकुमार भौरिया और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Comments