पिछड़ा वर्ग आयोग पिछड़ा वर्ग के लोगों की समस्याओं के निदान के लिए प्रतिबद्ध : साध्वी निरंजन ज्योति
BOL PANIPAT : 23 जुलाई। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने वीरवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग आयोग पिछड़ा वर्ग के लोगों की समस्याओं के निदान के लिए प्रतिबद्ध है। आयोग के संज्ञान में जो भी शिकायत आती हैं उन पर तुरंत संज्ञान लिया जाता है और उनका निस्तारण किया जाता है।
उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग का विकास केवल एक समुदाय का नहीं, बल्कि पूरे देश के विकास का आधार है। जब समाज का प्रत्येक वर्ग शिक्षा, रोजगार, सम्मान और समान अवसर प्राप्त करेगा, तभी भारत सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के अपने लक्ष्य को पूरी तरह प्राप्त कर सकेगा। इसलिए सरकार, समाज और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि सभी को साथ लेकर चले।
साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वरोजगार के लिए स्वावलम्बी बनाने का कार्य करें। पिछड़ा वर्ग के लंबित कार्य और अन्य प्रशासनिक समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए व्यवस्था की जाए। पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के लिए ज्यादा से ज्यादा योजनाएं चलाई जाएं इसके लिए भविष्य में और ज्यादा कार्य किया जाएगा।
विश्रामगृह में पहुंचने पर निगम मेयर कोमल सैनी और भाजपा के जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने उनका पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इस मौके पर निगम की संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी, जिला समाज कल्याण अधिकारी जयपान हुड्डा, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन आरडी कल्याण, मनोज जोगी सहित विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Comments