समालखा की अनाजमंडी में आयोजित राहगिरी कार्यक्रम में बच्चों ने लहराए तिरंगे.
-डीसी सुशील सारवान ने तिरंगा यात्रा को झंडा दिखाकर किया रवाना।
BOL PANIPAT , 6 अगस्त। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित हर घर तिरंगा अभियान को लेकर शनिवार को समालखा की अनाज मंडी में राहगीरी कार्यक्रम रखा गया जिसमे शनिवार को सुबह स्थानीय लोगों के अलावा छात्र व छात्राओं ने भाग लिया।
डीसी सुशील सारवान ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरे वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया। अध्यापक और बच्चे भी इसमें पीछे नहीं रहे।
उपायुक्त ने कहा कि हर बच्चा 13 से 15 अगस्त तक अपने घर पर तिरंगा जरूर फहराए। यह हमारे देश प्रेम की भावना से जुड़ा हुआ विषय है। उन्होंने आम नागरिकों से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने अपने घरों, दुकानों व अन्य प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाने का आह्वान किया। हर घर तिरंगा अभियान को लेकर बच्चों व स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह था। सैंकड़ों की संख्या में लोग राहगिरी के तहत आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
डीसी सुशील सारवान ने कहा कि देश की आजादी हमें बहुत बड़ी कुर्बानी के बाद मिली है। हमारे अंदर देश के प्रति समर्पण की भावना का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे देश की शान है। हमें हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों पर तिरंगा बड़े ही गर्व के साथ फहराना है। इसके साथ साथ दूसरों को भी तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है। तिरंगे से बढक़र हमारे लिए कुछ नहीं है। कार्यक्रम के दौरान डीसी व अन्य अधिकारियों ने अपने-अपने हाथों में तिरंगा और नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान में बढ चढ़ कर शामिल होने का संदेश दिया।
राहगीरी कार्यक्रम में समालखा नगरपालिका के चेयरमैन अशोक कुच्छल ने डीसी सुशील सारवान को आश्वस्त किया कि समालखा नगरपालिका सीमा में 13 से 15 अगस्त तक तिरंगे झंडे वितरित कर इन्हें सम्मान के साथ लगाया भी जाएगा। इस मौके पर एसडीएम अश्वनी मलिक,सीटीएम राजेश सोनी,जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप दहिया,नायब तहसीलदार अरुण राठी,नगरपालिका सचिव,महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल डॉक्टर आरयू तिवारी इत्यादि भी उपस्थित थे।

Comments