विवाद नहीं, संवाद चुनें: सुप्रीम कोर्ट के “मेडिएशन फॉर नेशन 3.0” अभियान का शुभारम्भ
मध्यस्थता से होगा त्वरित, सस्ता और सौहार्दपूर्ण न्याय, लोगों से अभियान में जुड़ने की अपील
BOL PANIPAT , 31 जुलाई। सर्वोच्च न्यायालय की मेडिएशन एवं कन्सिलिएशन प्रोजेक्ट कमेटी (MCPC) द्वारा देशभर में “मेडिएशन फॉर नेशन 3.0” अभियान का शुभारम्भ किया गया है। इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य लोगों को मध्यस्थता (मेडिएशन) के माध्यम से विवादों का सौहार्दपूर्ण, त्वरित एवं कम खर्चीला समाधान उपलब्ध कराना तथा समाज में संवाद, आपसी समझ और सौहार्द की संस्कृति को मजबूत करना है।
अभियान के तहत ऐसे न्यायालयों में लंबित मामलों की पहचान की जाएगी, जिनमें आपसी समझौते की संभावना है। संबंधित पक्षों की सहमति मिलने पर इन मामलों को मध्यस्थता के लिए भेजा जाएगा। अभियान के दौरान जिला एवं न्यायालय स्तर पर संचालित मध्यस्थता केन्द्रों में अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिलने के साथ-साथ न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ भी कम हो सके।
मध्यस्थता एक स्वैच्छिक, गोपनीय, सरल एवं प्रभावी प्रक्रिया है, जिसमें प्रशिक्षित मध्यस्थ दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर उन्हें आपसी सहमति से समाधान तक पहुँचने में सहायता करता है। इस प्रक्रिया से समय और धन दोनों की बचत होती है, पारिवारिक एवं सामाजिक रिश्ते भी सुरक्षित रहते हैं तथा न्यायालयों में अनावश्यक मुकदमेबाजी को कम करने में मदद मिलती है।
गौरतलब है कि इस अभियान के अंतर्गत पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा मामले, चेक बाउंस के मामले, उपभोक्ता विवाद, व्यापारिक विवाद, सेवा संबंधी मामले, बंटवारा, बेदखली, श्रम विवाद तथा अन्य ऐसे दीवानी मामलों को शामिल किया गया है, जिनमें समझौते की संभावना हो।
ध्यान रहे कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पानीपत ने जिले के सभी वादकारियों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि जिन मामलों में आपसी समझौते की संभावना हो, वे संबंधित न्यायालय अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से उन्हें जिला मध्यस्थता एवं सुलह केन्द्र, जिला न्यायालय परिसर, पानीपत में मध्यस्थता हेतु भेजने का अनुरोध करें।
प्राधिकरण ने कहा कि मध्यस्थता न केवल विवादों का शांतिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराती है, बल्कि सामाजिक सौहार्द, विश्वास और आपसी सहयोग की भावना को भी सुदृढ़ करती है।
“विवाद नहीं, संवाद चुनें। मध्यस्थता अपनाएँ, सौहार्दपूर्ण समाज बनाएँ।” यही संदेश लेकर शुरू किया गया “मेडिएशन फॉर नेशन 3.0” अभियान न्याय सुलभ, सरल और सहभागी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Comments