इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की मथुरा-पानीपत पाइप लाइन से तेल चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट लेकर सीआईए थ्री पुलिस ने की पूछताछ
BOL PANIPAT : 6 नवम्बर 2024, सीआईए थ्री पुलिस टीम ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन मथुरा-पानीपत पाइप लाइन से तेल चोरी करने वाले गिरोह के आरोपी इशाक निवासी धामड़ रोहतक व सुनील निवासी मनाना समालखा को मंगलवार को पानीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की। आरोपियों ने पूछताछ में अपने अन्य कई साथियों के साथ मिलकर नरायणा गांव के खेतों से गुजर रही इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन मथुरा-पानीपत पाइप लाइन से मई 2024 में तेल चोरी करने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पाइप लाइन से तेल चोरी की उक्त वारदात बारे थाना समालखा में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन उतरी क्षेत्र पाइप लाइन के वरिष्ठ प्रबंधक हंसराज मीना की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय में बताया कि दोनों आरोपी पाइप लाइन से तेल चोरी के एक अन्य मामले में जेल में बंद थे। गहनता से पूछताछ करने व तेल चोरी की उक्त वारदात में शामिल फरार इनके अन्य साथी आरोपियो के ठिकानों का पता लगा काबू करने के लिए पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।
यह है मामला
थाना समालखा में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन उतरी क्षेत्र पाइप लाइन के वरिष्ठ प्रबंधक हंसराज मीना ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन मथुरा-पानीपत पाइप लाइन विभिन्न गांव से गुजरते हुए पानीपत आईओसीएल में आई हुई है। यह पाइप लाइन नारायणा गांव के खेतों से भी गुजरती है। 14 मई 2024 को नारायणा गांव निवासी किसान राजेश पुत्र पलटू राम ने सुरक्षा सुपरवाईजर पाले राम को बताया कि उनके खेत के पड़ोसी गांव निवासी सुशील उर्फ शीला नंबरदार के गन्ने के खेत में पाइप लाइन के पास डीजल व वाहनों की आवाजाही के निशान मिले है।
सूचना के तुरंत बाद आईओसीएल की संरक्षण टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध जगह की खुदाई करवाई तो पाइप लाइन में वॉल्व लगी मिली। आरोपियों द्वारा पाइप लाइन से तेल चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा था। पाइप लाइन में अत्यधिक ज्वलनशील तेल का बहाव तीव्र गति से होता है। पाइप लाइन के साथ इस तरह की छेड़छाड़ से विस्फोट होने का भी खतरा है। थाना समालखा में वरिष्ठ प्रबंधक हंसराज की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments