नगराधीश ने मण्डी में गेहूं व सरसों की खरीद व्यवस्थाओं का लिया जायजा
लेबर व गेट पास से सम्बंधित समस्याओं को लेकर सम्बंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशानिर्देश
BOL PANIPAT , 3 अप्रैल। प्रदेश सरकार के आदेशानुसार सरसों के बाद गेहूं की फसल की खरीद भी सभी मण्डियों में शुरू कर दी गई है। सोमवार को नगराधीश एवं पानीपत मण्डी में फसल खरीद को लेकर नियुक्त डयूटी मैजिस्ट्रेट राजेश सोनी ने पानीपत मण्डी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गेहूं व सरसों की खरीद व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उपस्थित किसानों से व्यवस्थाओं के बारे में भी जाना।
किसानों द्वारा नगराधीश को गेट पास की समस्या से अवगत करवाने पर उन्होंने तुरन्त मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को इस समस्या को दुरूस्त करने के आदेश दिए। इसी कड़ी में हैफेड तथा वेयरहाऊस निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में फसल खरीद के दौरान लेबर व उठान की समस्या नही आनी चाहिए। इस दौरान नगराधीश ने मण्डी में आई फसल गेहूं व सरसों का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ मार्केट कमेटी पानीपत की सचिव आशा रानी, हैफेड के डीएम रणधीर सिंह सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Comments