Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


“गांव चलो – घर चलो” अभियान के तहत मडलौडा गांव में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at April 12, 2026 Tags: , , , , ,

मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने स्वयं झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

BOL PANIPAT , 12 अप्रैल — “गांव चलो – घर चलो” अभियान के अंतर्गत प्रदेश के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इसराना विधानसभा क्षेत्र के मडलौडा गांव में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने स्वयं झाड़ू लगाकर गांव में सफाई की और उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान गांव में विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें गलियों, सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक क्षेत्रों की सफाई की गई। मंत्री ने स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सफाई कार्य में भाग लेकर यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल कहने की नहीं, बल्कि करने की प्रक्रिया है और इसमें हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।

इस अवसर पर मंत्री पंवार ने कहा कि “गांव चलो – घर चलो” अभियान का मुख्य उद्देश्य गांवों के समग्र विकास को गति देना, ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना तथा जन समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि यह निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसे जन-आंदोलन का रूप देना आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, गली और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो पूरा प्रदेश स्वच्छ और सुंदर बन सकता है।
मंत्री ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें, कचरे को इधर-उधर न फेंकें और निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा डालें। साथ ही उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और मंत्री के साथ मिलकर सफाई अभियान में सहयोग किया। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
अंत में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि इस प्रकार के अभियान गांवों में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और आने वाले समय में भी इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि हर गांव स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित बन सके।

Comments


Leave a Reply