अंत्योदय योजना के प्रति प्रशासन बेहद गम्भीर.
BOL PANIPAT , 13 जून। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन बेहद गम्भीर है। उपायुक्त सुशील सारवान ने इस योजना के तहत पात्रों को लाभ पहुंचाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष रूप से डयूटी लगाई है।
उपायुक्त सुशील सारवान ने आदेश जारी कर बैंकों के स्तर पर आवेदनों पर जल्द से जल्द कार्यवाही के लिए अधिकारी तैनात किए हैं। जारी आदेशों के अनुसार पानीपत सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक नवदीप सिंह को पंजाब नेशनल बैंक एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में लम्बित आवेदनों पर कार्यवाही का जिम्मा सौंपा गया है। इसी प्रकार एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और केनरा बैंक में लम्बित आवेदनों पर कार्यवाही करवाने का जिम्मा पानीपत उपमण्डल के एसडीएम वीरेन्द्र सिंह ढुल को सौंपा गया है।
इसके अलावा खण्ड अनुसार आवेदनों की मॉनीटरिंग के लिए सम्बंधित बीडीपीओ को जिम्मा सौंपा गया है। ओवरऑल मॉनीटरिंग का काम जिला परिषद के सीईओ विवेक चौधरी करेंगे। जारी आदेशों के तहत तहसीलदार और नायब तहसीलदार देखेंगे कि सम्बंधित पटवारी और राजस्व अधिकारी सम्बंधित बीडीपीओ से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्य करवाएंगें।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक लाभार्थियों के खाते में जल्द से जल्द लोन की राशि ट्रांसफर करवाना सुनिश्चित करेंगे। महिला विकास निगम के जिला प्रबंधक भी उनके विभाग से सम्बंधित लोन के मामलों में सब्सिडी के चैक जारी करना सुनिश्चित करते हुए हर मामले की बारीकी से मॉनीटरिंग करेंगे। जारी आदेशों के तहत एलडीएम पानीपत को भी सभी आवेदनों पर तत्परता से कार्यवाही कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Comments