गांव राजाखेड़ी राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में लाखों रूपये गबन मामले में आरोपी क्लर्क गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 10 अप्रैल 2024, थाना किला पुलिस ने गांव राजाखेड़ी राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की स्कूल फीस के 22 लाख 19 हजार 447 रूपये के गबन मामले में मंगलवार को आरोपी क्लर्क को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बुधवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने साथ ही रूपयों की रिकवरी करने का प्रयास करेंगी।
थाना किला प्रभारी सब इंस्पेक्टर महाबीर सिंह ने बताया कि थाना किला में गांव राजाखेड़ी राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्रिंसिपल सुमित्रा ने शिकायत देकर बताया था कि कपिल निवासी उगालन हिसार हाल कैलाश नगर कुरूक्षेत्र 6 फरवरी 2020 से स्कूल में बतौर लिपिक कार्यरत है। क्लर्क कपिल वर्तमान में जिला निर्वाचन कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत है। क्लर्क की जिम्मेदारी कक्षा इंचार्ज द्वारा विद्यार्थियों से ली गई फीस को इक्कठा कर स्कूल के बचत खाता में जमा कराना है। रिकार्ड देखने पर पाया गया जुलाई 2021 से जुलाई 2023 तक करीब 29 लाख 69 हजार 447 रूपये क्लर्क कपिल द्वारा खाता में जमा नही कराये गए। इसके बाद 16 नवम्बर 2023 को क्लर्क कपिल ने 7.50लाख रूपये जमा करवा दिए। मामला उनके संज्ञान में आया तो उन्होंने 21 फरवरी 2024 को आदेश पुस्तिका के माध्यम से स्थिति स्पष्ट करने के लिए क्लर्क से जवाब मांगा। लिपिक द्वारा उक्त बकाया 22 लाख 19 हजार 447 रूपये अभी तब जमा नही करवाए। क्लर्क कपिल द्वारा उक्त राशि का गबन किया गया है। स्कूल प्रिंसिपल सुमित्रा की शिकायत पर थाना किला में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।

Comments