समाधान शिविर में अधिकारियों की रूचि से शिकायतकर्ताओं को मिल रहा प्रत्यक्ष रूप से लाभ : उपायुक्त डॉ.वीरेन्द्र कुमार दहिया।
-एक पेड़ मां के नाम लगाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बढ़ाएं कदम।
-जिन्होंने फैमिली आई डी में इनकम टेक्स रिटर्न भरी है,उनकी इनकम आगामी 6 महीने तक नहीं होगी कम, सरकार कर रही सकारात्मक रूप से विचार।
-समाधान शिविर में पहुंची 322 समस्याएं, 177 का हुआ मौके पर समाधान.
BOL PANIPAT , 16 जुलाई। हरियाणा सरकार द्वारा लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित किये जा रहे समाधान शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों की बढ़ती रूचि का लाभ शिकायतकर्ताओं को प्रत्यक्ष रूप से मिल रहा है। शिविर में करीब करीब सभी विभागों के एचओडी को शिकायतकर्ता द्वारा जो नम्बर दिए जा रहे है उन पर निश्चित रूप से कार्यवाही हो रही है। अधिकारियों द्वारा शिविर में रूचि लेने से वो समस्याएं हल हो रही है जिनके समाधान के लिए शिकायतकर्ताओं को लम्बे समय से जदोजहद करनी पड़ रही थी। शिकायतकर्ताओं की बगैर किसी दबाव के समस्याओं का प्रशासन द्वारा किया जा रहा समाधान सरकार की कार्यशैली व दूरगामी सोच को प्रदर्शित कर रहा है।
उपायुक्त डॉ.वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि जब तक लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं होता वे इस मंच के माध्यम से आम नागरिक की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करते रहेंगे। उपायुक्त ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण भी एक चुनौती है। इसे स्वीकार करते हुए हमें एक पेड़ मां के नाम जरूर लगाना चाहिए। केन्द्र सरकार की एक पेड़ मां के नाम नामक योजना के तहत अब तक स्कूल, कॉलेजों के अलावा आम जन के माध्यम से भी पौधारोपण किया जा रहा है। जिला सचिवालय में पहुंचने वाले शिकायतकर्ताओं को पहले जो पौधे दिए जाते थे उसकी संख्या में अब बढ़ोतरी की जा रही है। पहले इनकी संख्या 300 निर्धारित की गई थी लेकिन लोगों की रूचि व मांग को देखते हुए प्रशासन ने पौधो की संख्या में बढ़ोतरी कर दी है।
उपायुक्त ने बताया कि मानसून के दस्तक देते ही पौधारोपण जरूरी हो जाता है। उन्होंने सभी शिकायतकर्ताओं से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर पौधारोपण करने व उसकी बच्चों की तरह परवरिश करने का आह्वान किया। उपायुक्त ने समाधान शिविर की शुरूआत करते हुए कहा कि वे शिकायतकर्ता जिन्होंने आईटीआर फाइल किया हुआ है उनकी फैमली आईडी में इनकम आगामी 6 महीने तक कम नहीं होगी इस पर सरकार सकारात्मक रूप से विचार कर रही है।
उपायुक्त ने समाधान शिविर में शिकायत लेकर पहुंची सुदेश वासी कुराड़ ने बताया कि सडक़ निर्माण कर्मचारी द्वारा खाली प्लाट की जमीन में सडक़ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी इस शिकायत पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को जांच करने के निर्देश दिए।
जिला परिषद के वार्ड नम्बर 6 की पूर्व पार्षद कुमारी रंजिता कौशिक ने गांव की पावर हाउस की खाली जमीन में दो हजार पौधे लगाने का अनुरोध उपायुक्त से किया। उपायुक्त ने वन विभाग के अधिकारियों को तत्काल पौधे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिकायतकर्ता कुलदीप, कृष्णपाल, गगन, रूकमणी वासी छाजपुर खुर्द ने शिकायत की कि पंचायत द्वारा फंड का दुरूपयोग किया जा रहा है। पंचायत मैंबरों के साथ भी भेदभाव करने का उन्होंने आरोप लगाया। उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले की तह तक जाने के निर्देश दिए।
इसी कड़ी में राजाखेड़ी के सेवा सिंह ने बिजली विभाग के लाइन मैन और जेई पर डयूटी में कोताही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बिजली संबंधित समस्या 24 घण्टे से ज्यादा समय होने पर भी ठीक नहीं हो पाई है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल बिजली ठीक करने के आदेश दिए।
एक अन्य जरूरतमंद महिला सुमन ने उपायुक्त से निवेदन किया कि 2021 में उनक पति की मृत्यु हो गई थी। उनके दो लडक़े है लेकिन कमाई का कोई जरिया नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने गांव में कस्तूरबा गांधी स्कूल में कुक की नौकरी देने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि इस मामले को सहानुभूति पूर्वक देखें व नियमानुसार कार्यवाही करें। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, निगम कमीशनर साहिल गुप्ता, एसडीएम मनदीप सिंह, जिला परिषद के सीईओ गौरव, नगराधीश टीनू पोसवाल, सीएमओ जंयत आहुजा, निगम संयुक्त कमीशनर मनी त्यागी, जीएम रोडवेज कुलदीप जांगड़ा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, जिला रोजगार अधिकारी रितू चहल आदि मौजूद रहे।

Comments