उपभोक्ता ही अर्थव्यवस्था की रीढ़. अधिकारों के प्रति सजग रहना जरूरी: डीएफएससी नीतू
BOL PANIPAT , 24 दिसंबर। जिला सचिवालय के द्वितीय तल स्थित सभागार में बुधवार को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) रितु ने की। इस अवसर पर उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और संरक्षण कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएफएससी रितु ने बताया कि राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पूरे भारत में 15 दिसंबर से 30 दिसंबर तक मनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत उपभोक्ता जागरूकता को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को तोल-माप, एमआरपी और गुणवत्ता के प्रति हमेशा सतर्क रहना चाहिए। कोई भी दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर सामान नहीं बेच सकता। यदि ऐसा होता है तो उपभोक्ता उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 1986 में इसी दिन उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम अस्तित्व में आया था।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिला अध्यक्ष विजय अरोड़ा ने कहा कि आज का उपभोक्ता केवल खरीददार नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उपभोक्ताओं की सजगता से ही बाजार में गुणवत्ता, पारदर्शिता और नैतिकता बनी रहती है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज भी कई उपभोक्ता मिलावट, गलत जानकारी और भ्रामक विज्ञापनों के शिकार हो रहे हैं। ऐसे में खाद्य आपूर्ति विभाग और ग्राहक पंचायत की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि जागो ग्राहक जागो के मंत्र के साथ ग्राहक पंचायत पिछले कई वर्षों से समाज में चेतना फैलाने का कार्य कर रही है। अब समय आ गया है कि गलत के खिलाफ आवाज उठाना हम सबकी जिम्मेदारी बने।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के सचिव प्रमोद कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में उपभोक्ताओं को अत्यधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में हॉलमार्किंग व्यवस्था लागू की गई, जिससे उपभोक्ताओं को शुद्ध और प्रमाणित आभूषण मिल सकें। साथ ही उन्होंने साइबर अपराधों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने उपभोक्ताओं को सलाह दी कि बाजार से कोई भी सामान खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें। कार्यक्रम में एएफएसओ संजीव मेहरा, डीएफएसओ दिव्या, उपनिरीक्षक रणबीर, नाजर सुनील कुमार, इंस्पेक्टर चरणजीत सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और शोषण के विरुद्ध कानून के सही उपयोग के लिए प्रेरित करना रहा।

Comments