टास्क फोर्स मीटिंग में अवैध निर्माण पर कड़ी कार्रवाई के आदेश
किसानों पर नहीं, दोषी मालिकों पर दर्ज हों एफआईआर: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया
अवैध कॉलोनियों पर सख्त एक्शन, उपायुक्त ने दिए पारदर्शिता के निर्देश
जिला प्रशासन अलर्ट, अवैध कॉलोनाइजेशन पर चलेगा विशेष अभियान
कार्य में और तेजी लाने के आदेश
BOL PANIPAT , 7 अप्रैल। जिले में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि अवैध निर्माण और कॉलोनाइजेशन के खिलाफ कार्रवाई पूरी पारदर्शिता के साथ की जानी चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी स्थिति में किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और एफआईआर केवल संबंधित जमीन मालिकों, ऑनर के खिलाफ ही दर्ज की जाए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जाने वाले अभियान में गंभीरता और समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि कानून के तहत कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अवैध कॉलोनियों में हो रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस विभाग को भी निर्देश दिए गए कि वे ऐसे मामलों में तेजी से एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई को आगे बढ़ाएं। इस अवसर पर जिला नगर योजनाकार (एनफोर्समेंट) अमित मलिक, डीएसपी सतीश वत्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments