वार्ड 26 में सडकें व गलियां नहीं बनने पर पार्षद विजय जैन ने दिया स्थानीय लोगों के साथ धरना
-सीनियर डिप्टी मेयर दुष्यंत भट्ट ने धरना स्थल पर पहुंचकर दिया सडक व गलियों को बनवाने का आश्वासन
सीनियर डिप्टी मेयर दुष्यंत भट्ट के आश्वासन पर पार्षद विजय जैन व कालोनी वासियों ने धरना किया समाप्त
नगर निगम के अधिकारी नहीं करते कोई भी सुनवाई, सरकार की छवि को कर रहे है खराब: विजय जैन पार्षद
BOL PANIPAT ,28 अगस्त। पानीपत के वार्ड 26 के सिद्धार्थ नगर, गाबा कालोनी व जैन चौक आदि के स्थानीय लोगों ने ठेकेदार द्वारा उखाडी गई मैन सडक और गलियों के दोबारा से नहीं बनाने के विरोध में सोमवार को सुबह सिद्धार्थ नगर में रेलवे फाटक के पास धरना देना शुरू किया। वार्ड पार्षद एवं भाजपा नेता विजय जैन भी धरना दे रहे लोगों के पास पहुंचे और वे भी स्थानीय लोगों के साथ ही धरने में बैठ गये। भाजपा के निगम पार्षद विजय जैन भी कई घंटे तक धरने में वार्ड वासियों के साथ ही बैठे रहे। हालांकि धरने पर बैठे लोगों ने पार्षद विजय जैन से कहा कि इस सेक्टर 6 रेलवे फाटक से लेकर जैन चौक तक करीब डेढ साल पहले ठेकेदार ने सडक उखाडी थी और उसको दोबारा से नहीं बनाया गया है। इससे सिद्धार्थ कालोनी सहित विभिन्न कालोनियों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड रहा है। लोगों ने कहा कि कालोनियों की सडकों व गलियों को उखाड तो दिया गया पर दोबारा से नहीं बनाया गया है। वहीं धरने पर बैठे पार्षद विजय जैन ने कहा कि जब तक ठेकेदार द्वारा सडक बनाने का काम शुरू नहीं कर दिया जाता, तक तक वे कालोनी वासियों के साथ ही धरने पर बैठे रहेगे और फिर भी सुनवाई नहीं हुई तो पार्षद पद से त्यागपत्र दे देंगे।

भाजपा पार्षद विजय जैन द्वारा लोगों के साथ दिये जा रहे धरने की सूचना पर दोपहर को करीब 1.30 बजे सीनियर डिप्टी मेयर दुष्यंत भट्ट धरना दे रहे लोगों के पास पहुंचे और उन्होंने पार्षद विजय जैन व स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि उखाडी गई इस सडक को आज ही बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा और निर्माण कार्य शुरू होने पर उसको बीच में रूकने नहीं दिया जाएगा। पार्षद विजय जैन ने कहा कि करीब दो माह पहले नगर निगम आयुक्त राहुल नरवाल ने वार्ड 26 का दौरा करके उखाडी गई सडकों व गलियों का 10 दिनों में निर्माण कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दिया था लेकिन आज तक भी काम शुरू नहीं हुआ है। पार्षद विजय जैन ने सीनियर डिप्टी मेयर दुष्यंत भट्ट से कहा कि नगर निगम के अधिकारी सुनवाई नहीं करते और वे सरकार की छवि को बिगाडने का काम कर रहे है। इसलिये उनको भी मजबूरन लोगों के साथ धरने पर बैठना पडा है। दुष्यंत भट्ट ने ठेकेदार सुरेंद्र चालिया को मौके पर बुलाकर सख्त निर्देश दिये कि सडक बनाने का काम आज से ही शुरू कर दिया जाये। धरना देने वालों में पार्षद विजय जैन के अलावा रामपाल शर्मा, एसके कौशिक, सोनू, सरवन, धीरज पालीवाल, आजाद दहिया, शीला, बबीता, कमला, सतपाल राणा, बलदेव अरोडा हनुमान, रमेश मौर्य, जयप्रकाश त्यागी,सुशील जैन, रमेश दांगी, सतीश शर्मा,राजकुमार शर्मा, जयंत शर्मा, शिवकुमार शर्मा आदि शामिल है।

Comments