साइबर क्राइम राष्ट्रीय हेल्प लाइन नंबर 1930 से अंकित सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से ताऊ देवी लाल पार्क में लोगों को किया जागरूक.
1930 सेल्फी प्वाइंट लोगों के लिए रहा आकर्षण का केंद्र, यहाँ सैर करने आए लोगों ने परिवार सहित इसके साथ खड़े हो सेल्फी क्लिक कर लुफ्त उठाया
BOL PANIPAT : 09 अक्तूबर 2022, साइबर क्राइम जागरूकता माह के तहत जिला पुलिस की विभिन्न टीमें पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के निर्देशानुसार प्रतिदिन जिला में विभिन्न स्थानों पर आमजन को साइबर क्राइम के विरूद्ध जानकारी देकर जागरूक कर रही है। इसी क्रम में एक ओर नई पहल करते हुए रविवार को उप पुलिस अधीक्षक श्री संदीप ने टीम के साथ ताऊ देवी लाल पार्क में साइबर क्राइम राष्ट्रीय हेल्प लाइन नंबर 1930 से अंकित सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से लोगों को साइबर अपराध के प्रकार एवं बचाव बारे जागरूक किया।
उप पुलिस अधीक्षक संदीप ने आमजन को जागरूक करते हुए बताया कि आज के आधुनिक जीवन में हमे किसी भी चीज के बारे में कोई भी जानकारी प्राप्त करनी होती है तो हम इंटरनेट के माध्यम से आसानी से प्राप्त कर सकते है। हम टेक्नोलॉजी के दौर में इतनी तेजी से विकास कर रहे है कि इसके बिना हम अपने जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते। जितनी तेजी से हम इस डिजिटल दुनिया की ओर बढ़ रहे है, हमारी इंटरनेट पर निर्भरता भी उतनी ही बढ़ गयी है। इंटरनेट के विकास और इसके बढ़ते फायदों के साथ साथ साइबर अपराधों की संख्या में भी काफी वृद्धि हुई है। साइबर क्राइम से बचने के लिए खुद को जागरुक करें तथा इस संबंध में सावधानी व सतर्कता ही साइबर ठगी से बचने का बेहतर उपाय है ।
उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप या ई-मेल पर आए किसी भी संदिग्ध लिंक को न खोलें और बैंक संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी सांझा न करें, क्योंकि ऐसा करने से वे साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं ।
किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी हो जाती है तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्प लाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर पोर्टल बेवसाइट www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं । इसके अलावा आप किसी नजदीकी पुलिस स्टेशन में जाकर साइबर हेल्प डेस्क की भी मदद ले सकते है।

Comments