डीसी डाक्टर विरेन्द्र दहिया ने एससी एवं एसटी एक्ट के तहत दर्ज केसों में पीड़ितों को दी गई आर्थिक सहायता की समीक्षा की
डीसी ने पीडि़त परिवारों को आर्थिक सहायता जल्द से जल्द उपलब्ध करवाने के दिए निर्देश
BOL PANIPAT , 24 जून। डीसी डाक्टर विरेन्द्र कुमार दहिया ने मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए एस.सी./एस.टी. एक्ट के तहत की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डीसी डॉ. विरेन्द्र कुमार दहिया ने मार्च माह से जून माह के बीच दर्ज किए गए मामलों की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि लाभार्थियों को समयबद्ध ढंग से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एफआईआर दर्ज होते ही पीडि़तों को मुआवजा राशि शीघ्र प्रदान की जाए, जिससे उन्हें न केवल आर्थिक सहायता मिले, बल्कि भावनात्मक रूप से भी संबल प्राप्त हो।
डीसी ने कहा कि समाज कल्याण विभाग संबंधित पीडि़तों से बैंक खाता संख्या व आवश्यक दस्तावेज लेकर शीघ्रता से औपचारिकताएं पूरी करे। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान जिला कल्याण अधिकारी जयपान सिंह ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि मार्च से जून तक की अवधि में एससी/एसटी एक्ट के तहत जिला स्तर पर कुल 9 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि पहले 4 मामलों में पीडि़तों को आर्थिक सहायता की पहली किश्त दी जा चुकी है, जबकि 4 मामलों में पीडितों को आर्थिक सहयोग देने के लिए सम्पर्क किया जा रहा है तथा मामले मे भी पुलिस रिपोर्ट के अनुसार सच्चाई ना पाने के कारण कैंसल कर दिया गया है। उपायुक्त ने बैठक में मौजूद गैर सरकारी सदस्यों से भी इस विषय पर प्रतिक्रिया ली और सुझाव आमंत्रित किए ताकि पीडि़तों को अधिक प्रभावी ढंग से राहत पहुंचाई जा सके।
बैठक में डीएसपी राजबीर सिंह, जिला खजाना अधिकारी हजारा सिंह, जिला रोजगार अधिकारी रितु चहल, जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी सुनिल बस्ताड़ा, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विभाग के डीएम बिजेन्द्र सिंह, जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति के सदस्य सतप्रकाश वैद, सत्यावान झण्डा, अशोक कौशिक सुभाष दून व संजय सिहाल आदि मौजूद रहे।

Comments