Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


नशा पूरे समाज का दुश्मन: उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 29, 2025 Tags: , , , , , ,

-नशे का व्यापार करने वालों पर पुलिस विभाग कस रहा शिकंजा: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह

-प्रशासन की तस्करों पर कड़ी निगरानी के निर्देश

BOL PANIPAT , 29 अक्टूबर। उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र्र कुमार दहिया ने कहा कि नशा पूरे समाज का दुश्मन है, इसे जड़ से खत्म करना हम सबकी जिम्मेदारी है। वे बुधवार को जिला सचिवालय में जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में अब तक की कार्यवाही की समीक्षा भी की गई।
  उपायुक्त डॉ. दहिया ने जिला औषधि नियंत्रक को निर्देश दिए कि प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करने वाले दवा विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि रेडक्रॉस और बाल भवन के माध्यम से नशा मुक्ति के पोस्टर, विज्ञापन और जागरूकता अभियान चलाए जाएं।
    इसके साथ ही, जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों और कॉलेजों में नशे के शिकार विद्यार्थियों की गोपनीय सूची तैयार कर उनकी काउंसलिंग एवं डि-एडिक्शन सेंटरों में उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एन.सी.सी., एन.एस.एस. व स्काउट्स के शिविरों के माध्यम से छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाने के आदेश भी दिए गए।
सिविल सर्जन को जिला के सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मनोचिकित्सकों व परामर्शदाताओं की सहायता से नशा मुक्ति कैम्प आयोजित करने के निर्देश दिए गए। वहीं गैर सरकारी संस्थाओं के सहयोग से नुक्कड़ नाटकों और सभाओं के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के भी आदेश दिए गए। बैठक का समापन उपायुक्त डॉ. दहिया ने सभी विभागों से नशा मुक्त पानीपत के लक्ष्य को मिलकर पूरा करने का आह्वान करते  किया।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि  जिले में नशा मुक्त अभियान टीमों के माध्यम से खेल, जनसभाओं और रैलियों द्वारा युवाओं को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिले में नशा करने वालों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई जारी है।
  इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉक्टर पंकज,पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र सिंह, जिला न्यायवादी राजेश चौधरी, जिला औषधि नियंत्रक विजय राजे, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा , जिला मौलिक अधिकारी सुभाष भारद्वाज,समाज कल्याण अधिकारी जयपान हुड्डा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comments